Kulgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में आतंकवादियों ने एक बार फिर प्रवासी मजदूरों को निशाना बनाया है। शुक्रवार शाम केलम इलाके में स्थित एक ईंट-भट्ठे पर हुए आतंकी हमले में दो प्रवासी मजदूरों की मौत हो गई। शुरुआती रिपोर्टों में आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने मजदूरों की पहचान और धर्म की पुष्टि करने के बाद उन्हें बेहद करीब से गोली मारी।
ईंट-भट्ठे पर बरसाईं गोलियां
हमले में छत्तीसगढ़ के रहने वाले दो प्रवासी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दीपक रत्रैय ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे घायल बोपिंदर को पहले अनंतनाग के सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें श्रीनगर स्थित एसकेआईएमएस (SKIMS) रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान शनिवार को उनकी भी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक कुलगाम के ईंट-भट्ठे में मजदूरी का काम करते थे।
Kulgam Terror Attack: धर्म पूछकर हत्या की आशंका
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जिस ईंट-भट्ठे पर हमला हुआ वहां कई प्रवासी मजदूर काम कर रहे थे, लेकिन हिंदू समुदाय से जुड़े केवल दो मजदूर थे। शुरुआती जानकारी के आधार पर आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने उनकी धार्मिक पहचान की पुष्टि करने के बाद उन्हें निशाना बनाया। हालांकि, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों की जांच अभी जारी है और इस पहलू पर आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
TRF और लश्कर-ए-तैयबा पर जांच एजेंसियों का शक
प्रारंभिक जांच में सुरक्षा एजेंसियों को संदेह है कि हमले में एक स्थानीय और एक विदेशी आतंकवादी शामिल हो सकते हैं। जांचकर्ताओं की नजर मोहम्मद लतीफ नामक संदिग्ध पर भी है, जिसके बारे में बताया जा रहा है कि वह पिछले वर्ष लश्कर-ए-तैयबा (LeT) के सहयोगी संगठन द रेसिस्टेंस फ्रंट (TRF) से जुड़ा था। गौरतलब है कि इसी संगठन का नाम इससे पहले पहलगाम आतंकी हमले की जांच में भी सामने आया था।
I spoke with the DGP, Shri Nalin Prabhat and top security officials following the brutal terrorist attack in Kulgam in which a labourer from Chhattisgarh was killed. I strongly condemn this cowardly act. I have directed our security forces to step up their operations and…
— Manoj Sinha (@manojsinha_) July 31, 2026
कुलगाम की यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले ही अनंतनाग शहर में आतंकवादियों ने एक पुलिस अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी थी। लगातार हो रहे हमलों ने घाटी में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ा दी है।
Kulgam Terror Attack: एलजी मनोज सिन्हा ने की कड़ी निंदा
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने प्रवासी मजदूरों की हत्या की कड़ी निंदा की है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी अपने संदेश में उन्होंने कहा कि यह कायरतापूर्ण आतंकी हमला है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सुरक्षा बलों को निर्देश देते हुए कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ अभियान और तेज किया जाए तथा उन्हें पूरी तरह समाप्त करने के लिए हर संभव कार्रवाई की जाए।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही हैं। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि हमले के पीछे शामिल आतंकियों की पहचान और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े… गृह मंत्री अमित शाह ने अजीत डोभाल को क्यों किया लोकमान्य तिलक नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित?








