Savan Somwar: सावन के पहले सोमवार पर देशभर के शिव मंदिरों और 12 ज्योतिर्लिंगों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। सुबह से ही लाखों भक्त जलाभिषेक और भगवान शिव के दर्शन के लिए मंदिरों में पहुंचे। द्वादश ज्योतिर्लिंगों में शामिल बाबा बैद्यनाथ धाम में कांवड़ियों की कतार करीब 5 किलोमीटर लंबी हो गई। वहीं, ओडिशा के प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने पुरी बीच पर भगवान शिव की भव्य रेत की प्रतिमा बनाकर श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
बिहार में रात 2 बजे से लगी लाइन
बिहार के बांका जिले में बाबा ज्येष्ठ गौर नाथ महादेव को जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालु रात 2 बजे से ही कतार में लग गए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मंदिर में दर्शन के लिए करीब 50 हजार श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। वहीं, झारखंड के देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में आज 2 से 3 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान है। देवघर एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी रात से ही तैनात हैं और 22 क्विक रिस्पॉन्स टीमों के 500 से अधिक जवान भी ड्यूटी पर लगाए गए हैं। प्रारंभिक धार्मिक अनुष्ठानों और अर्घ्य स्थापना के बाद जलाभिषेक शुरू हुआ।
उज्जैन में नए मार्ग से निकलेगी महाकाल की सवारी
मध्य प्रदेश के उज्जैन में इस बार बाबा महाकाल की सवारी नए बने मार्ग से निकाली जाएगी। सवारी शाम 4 बजे शुरू होगी। प्रशासन ने बताया कि श्रावण और भाद्रपद की सभी सवारियां अलग-अलग थीम पर आधारित होंगी। इनमें वैदिक उद्बोधन, लोक नृत्य, पुलिस-आर्मी और होमगार्ड बैंड की प्रस्तुति, पर्यावरण संरक्षण, 84 महादेव की झांकियां और राजसी सवारी में सिंहस्थ महापर्व की झांकी के साथ ड्रोन से पुष्प वर्षा आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कांवड़ यात्रा के चलते स्कूल बंद
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा को देखते हुए 3 अगस्त से 10 अगस्त तक सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का फैसला किया गया है, ताकि कांवड़ियों की आवाजाही में किसी तरह की परेशानी न हो।
नूंह में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
हरियाणा के नूंह में सावन के पहले सोमवार पर ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा दोपहर 12 बजे नल्हड़ेश्वर मंदिर से शुरू होकर झिरकेश्वर महादेव मंदिर और श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर तक पहुंचेगी। पूरे 80 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 12 डीएसपी सहित करीब 2,200 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। यात्रा के दौरान लाठी-डंडे और हथियार ले जाने पर रोक रहेगी। पेट्रोल पंपों पर बोतल और कैन में पेट्रोल-डीजल नहीं मिलेगा, यात्रा मार्ग की मीट की दुकानें बंद रहेंगी और जिले के सभी सरकारी व निजी स्कूल भी एहतियातन बंद रखे गए हैं। हालांकि इंटरनेट सेवा जारी रहेगी। प्रशासन 2023 में इसी यात्रा के दौरान हुई हिंसा को देखते हुए पूरी तरह सतर्क है।
हरिद्वार में कांवड़ियों का स्वागत
हरिद्वार में जिला मजिस्ट्रेट मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह ने गंगा जल लेने पहुंचे कांवड़ियों का फूल बरसाकर स्वागत किया। वहीं, दक्षेश्वर महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
राजस्थान में आस्था की अनोखी तस्वीरें
राजस्थान के अलवर स्थित एक प्राचीन शिव मंदिर को लेकर मान्यता है कि यहां का शिवलिंग द्वापर युग में पांडवों द्वारा स्थापित किया गया था। कहा जाता है कि शिवलिंग काशी से लाया गया था और मंदिर में तब से अखंड ज्योति जल रही है। यह भी मान्यता है कि औरंगजेब भी इस शिवलिंग को नहीं तोड़ पाया था।
वहीं, पुष्कर से जयपुर तक 40 कांवड़ियों की टोली ने 140 किलोमीटर की डाक कांवड़ यात्रा महज 12 घंटे में पूरी की। रिले दौड़ की तरह हर 200 मीटर पर कांवड़िया बदलता रहा, लेकिन पवित्र जल से भरी कांवड़ एक पल के लिए भी नहीं रुकी। जयगढ़ के जलमग्न महादेव मंदिर पहुंचकर वैदिक मंत्रोच्चार और हर-हर महादेव के जयघोष के बीच जलाभिषेक किया गया।
प्रेमानंद महाराज के लिए दंडवत यात्रा
हरियाणा के फरीदाबाद के सरूरपुर गांव के 28 वर्षीय रमन हाल ही में जॉर्डन की नौकरी छोड़कर भारत लौटे हैं। वह हरिद्वार से दंडवत कांवड़ यात्राकरते हुए 4 लीटर गंगाजल लेकर वृंदावन जा रहे हैं। रमन का कहना है कि वह प्रेमानंद महाराज के अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए यह यात्रा कर रहे हैं और वृंदावन पहुंचकर उन्हें गंगाजल से स्नान कराना चाहते हैं।
काशी और प्रयागराज में भी उमड़ी भीड़
वाराणसी के श्री काशी विश्वनाथ मंदिर को सावन के पहले सोमवार पर फूलों से भव्य रूप से सजाया गया। मंदिर के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं ने मंगला आरती में भाग लिया और फिर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। इस दौरान वाराणसी के मंडलायुक्त और मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। वहीं, प्रयागराज के मनकामेश्वर मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचे।
यह भी पढ़े- दतिया उपचुनाव से पहले कांग्रेस का बड़ा एक्शन, पूर्व विधायक राजेंद्र भारती सस्पेंड








