Kanpur News: कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र स्थित विश्व बैंक ए-1 ब्लॉक में सोमवार दोपहर एक पेंट कारोबारी का शव उनके घर के बेडरूम में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय अनुराग बघेल के रूप में हुई है। कई दिनों से कमरे से बदबू आने पर पहली मंजिल पर किराए पर रहने वाली युवती को अनहोनी की आशंका हुई। उसने कमरे में झांककर देखा तो अनुराग बिस्तर पर पड़े दिखाई दिए। इसके बाद उसने पड़ोस में रहने वाले उनके छोटे भाई चेतन बघेल को सूचना दी।
पत्नी और बच्चे छह महीने से दिल्ली में रह रहे थे
जानकारी मिलते ही चेतन मौके पर पहुंचे। कमरे का दरवाजा खुला हुआ था और अनुराग बेड पर मृत अवस्था में पड़े थे। सूचना पर बर्रा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मौके पर आवश्यक जांच-पड़ताल करने के साथ फोरेंसिक साक्ष्य भी जुटाए।परिजनों के मुताबिक अनुराग बघेल पेंट का कारोबार करते थे। उनकी पत्नी प्रियंका पिछले छह महीने से दोनों बच्चों हंस और चित्रांशी की पढ़ाई के लिए दिल्ली में रह रही थीं, जबकि अनुराग कानपुर स्थित घर में अकेले रहते थे। मकान की पहली मंजिल पर एक युवती किराए पर रहती है, जिसका आने-जाने का रास्ता अलग सीढ़ियों से है।
Kanpur News: 30 जुलाई की शाम आखिरी बार घर के बाहर दिखे थे अनुराग
अनुराग के छोटे भाई चेतन की पत्नी देवेंद्री ने बताया कि उन्होंने 30 जुलाई की देर शाम अनुराग को घर के बाहर टहलते हुए देखा था। इसके बाद से उन्हें किसी ने नहीं देखा। कई दिन तक घर बंद रहने और कमरे से दुर्गंध आने के बाद घटना का खुलासा हुआ।
Kanpur News: प्रथम दृष्टया हार्ट अटैक से मौत की आशंका, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बर्रा थाना प्रभारी रविंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि शुरुआती जांच में अनुराग की मौत हार्ट अटैक से होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








