Home » लाइफस्टाइल » वेट लॉस ड्रग्स और हेयर फॉल: क्या पतले होने की होड़ में गंवानी पड़ रही हैं जुल्फें? जानिए विशेषज्ञों का नजरिया

वेट लॉस ड्रग्स और हेयर फॉल: क्या पतले होने की होड़ में गंवानी पड़ रही हैं जुल्फें? जानिए विशेषज्ञों का नजरिया

वेट लॉस दवा से क्यों झड़ रहे बाल?

Weight Loss Hair: आजकल वजन घटाने के लिए लोग इंजेक्शन और दवाओं का सहारा ले रहे हैं। ओजेम्पिक, मुंजारो जैसी GLP-1 दवाएं सोशल मीडिया पर एक तरह से “मैजिक शॉट” बन गई हैं। 2-3 महीने में 10 किलो तक वजन कम होना आम-सा लगता है। लेकिन इसी तेजी के साथ एक नई शिकायत भी सामने आ रही है, बालों का झड़ना।कई लोग कह रहे हैं कि दवा शुरू करने के 2-3 महीने बाद बालों के गुच्छे हाथ में आने लगे। कंघी में, तकिए पर और शॉवर में बाल ही बाल। लोग इसे मजाक में “ओजेम्पिक हेयर” कहने लगे हैं।

क्या दवा सीधे बाल गिरा रही है?

डॉक्टर कहते हैं, नहीं। क्योंकि GLP-1 दवाएं सीधे बालों की जड़ पर हमला नहीं करतीं। बल्कि बाल झड़ने की असली वजह तेजी से वजन घटना है।जब आप बहुत कम समय में बहुत ज्यादा वजन घटाते हैं, तो शरीर को शॉक लगता है। इस दौरान शरीर में जरूरी प्रोटीन, आयरन, बायोटिन और विटामिन की कमी हो जाती है। इसी कमी की वजह से बाल अपनी ग्रोथ रोककर रेस्ट मोड में चले जाते हैं। कुछ हफ्तों बाद वे एक साथ झड़ने लगते हैं।मेडिकल भाषा में इसे टेलोजन एफ्लुवियम कहते हैं। यह कोई नई बीमारी नहीं है, बल्कि यह अक्सर तनाव, बुखार, सर्जरी या अचानक डाइटिंग के बाद भी होता है।

कितने लोगों को हो रही है दिक्कत?

PMC में छपी एक स्टडी ने सबको चौंका दिया है। इसके मुताबिक, GLP-1 लेने वाले लगभग 10 में से 7 लोगों ने बाल झड़ने की शिकायत की है। पहले माना जाता था कि यह समस्या सिर्फ 25 से 33 प्रतिशत लोगों को होती है। लेकिन असल जिंदगी के आंकड़े कहीं ज्यादा हैं।लोगों की सबसे कॉमन शिकायतें हैं मांग चौड़ी हो जाना, सिर की त्वचा ज्यादा दिखना और रोज 100 से ज्यादा बाल गिरना।

तो गलती कहां हो रही है?

गलती दवा में कम और हमारे इस्तेमाल में ज्यादा है। सोशल मीडिया पर वीडियो देखा और बिना डॉक्टर से पूछे दवा ले ली। डाइट पर ध्यान नहीं दिया। प्रोटीन और सप्लीमेंट नहीं लिए।हर शरीर अलग होता है। किसी को डायबिटीज है, किसी को थायरॉइड। बिना जांच के दवा लेने से वजन के साथ हेल्थ भी बिगड़ सकती है।

एक्सपर्ट की सलाह

डर्मेटोलॉजिस्ट मानते हैं कि बाल झड़ना ज्यादातर अस्थायी है। वजन स्थिर होने के 3 से 6 महीने बाद बाल वापस आने लगते हैं। लेकिन इसके लिए 3 बातें जरूरी हैं।पहला, दवा शुरू करने से पहले डॉक्टर से पूरा बॉडी चेकअप कराएं। दूसरा, वजन घटाने के साथ डाइट में प्रोटीन, हरी सब्जियां और सप्लीमेंट जरूर लें। तीसरा, बाल झड़ें तो घबराएं नहीं। डॉक्टर से कारण पता करके सही इलाज लें।

वजन कम करना अच्छी बात है। लेकिन शॉर्टकट के चक्कर में बाल और सेहत दोनों मत गंवाइए। कोई भी वेट लॉस दवा लेने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है। क्योंकि फिट दिखना है, तो बाल भी साथ चाहिए।

Written By: Mansi Sharma

यह भी पढ़े- परिसीमन बिल पर तेज हुई हलचल, 16-18 अगस्त के विशेष सत्र की तैयारी, राहुल-रिजिजू की अहम बैठक