CWG: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले भारतीय खिलाड़ियों का रविवार शाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आवास पर स्वागत किया। 9 अगस्त को लोक कल्याण मार्ग स्थित 7 LKM में आयोजित इस मुलाकात में पीएम मोदी ने सभी पदक विजेताओं से बातचीत की और उनके अनुभव सुने। भारत ने ग्लासगो में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में 39 पदक जीतकर पदक तालिका में चौथा स्थान हासिल किया। कई प्रमुख खेलों के शामिल नहीं होने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया।
पीएम मोदी ने खिलाड़ियों से की मुलाकात
प्रधानमंत्री मोदी ने कॉमनवेल्थ गेम्स के मेडल विजेताओं से मुलाकात कर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता के दौरान अपने अनुभव पीएम के साथ साझा किए। इस दौरान प्रधानमंत्री ने खिलाड़ियों को देश का मान बढ़ाने के लिए बधाई दी और खेलों में लगातार आगे बढ़ने का संदेश दिया। मुलाकात के बाद प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी साझा किया। वीडियो में सभी मेडल विजेता नजर आए। बॉक्सिंग में गोल्ड मेडल जीतने वाली साक्षी चौधरी ने कैमरे की जिम्मेदारी संभाली और पीएम से मुलाकात को खिलाड़ियों के लिए गर्व का क्षण बताया।
CWG: ‘जो खेलेगा, वो खिलेगा’ का दिया संदेश
वीडियो के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खिलाड़ियों के साथ देशवासियों को भी खेलों के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, “जो खेलेगा, वो खिलेगा। हमेशा भारत के लिए चीयर करते रहो। भारत माता की जय।” पीएम मोदी का यह संदेश भारतीय युवाओं को खेलों से जोड़ने और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने पर केंद्रित रहा। उन्होंने देश के लिए पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना की।
पहले भी ओलंपिक और वर्ल्ड कप विजेताओं से मिल चुके हैं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इससे पहले भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की मेजबानी कर चुके हैं। टोक्यो ओलंपिक के बाद उन्होंने नीरज चोपड़ा समेत सभी पदक विजेताओं और भारतीय दल के सदस्यों से मुलाकात की थी। पेरिस ओलंपिक के बाद भी खिलाड़ियों को अपने आवास पर बुलाकर उनका उत्साह बढ़ाया था। इसके अलावा पीएम मोदी ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम और 2025 में वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला टीम से भी मुलाकात की थी।
ये भी पढ़ें…मथुरा में 6 दिसंबर की कारसेवा पर विवाद, साजिद रशीदी ने जताई आपत्ति








