FSSAI Action: भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) की कार्रवाई के बाद छह खाद्य कंपनियों ने अपने उत्पादों से जुड़े भ्रामक दावों और लेबल में सुधार किया है। खाद्य नियामक की ओर से नोटिस मिलने के बाद कंपनियों ने पैकेजिंग बदलने, गलत दावे हटाने और कुछ उत्पादों को वेबसाइट से हटाने जैसे कदम उठाए।
FSSAI Action: नोटिस के बाद कंपनियों ने उठाए सुधारात्मक कदम-
एफएसएसएआई ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि छह फूड बिजनेस ऑपरेटरों (FBO) ने नियामक के नोटिस के बाद नियमों के अनुरूप कार्रवाई की है। इनमें भ्रामक दावों को हटाना, ट्रेडमार्क बदलना और पैकेजिंग में सुधार करना शामिल है।
FSSAI Action: Livyore Ventures ने हटाया ‘Vegan’ और ‘Healthy’ दावा-
Livyore Ventures Private Limited ने अपने *Livyore Roasted Edamame Beans* उत्पाद के लेबल से ‘Vegan’ और ‘Healthy’ जैसे दावों को वापस ले लिया। कंपनी ने FSSAI को दिए जवाब में कहा कि ये दावे उत्पाद के लेबल पर अनजाने में छप गए थे। कंपनी ने नियमों के उल्लंघन के लिए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी गलती नहीं दोहराने का आश्वासन दिया। कंपनी ने भ्रामक दावों वाली मौजूदा पैकेजिंग को नष्ट करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
दो कंपनियों ने बदले भ्रामक ट्रेडमार्क-
*Earnest Innovations For You Private Limited* और *Heliostone Specialities Private Limited* ने अपने उत्पादों से जुड़े भ्रामक ट्रेडमार्क में बदलाव किया है। FSSAI की कार्रवाई के बाद दोनों कंपनियों ने नियामक की आपत्तियों के अनुरूप अपने लेबल और ट्रेडमार्क में सुधार किया।
इन कंपनियों ने भी किए बदलाव-
FSSAI के मुताबिक, अन्य कंपनियों ने भी अलग-अलग स्तर पर सुधारात्मक कार्रवाई की है।Rajasthan Agro and General Industries ने भ्रामक दावों को अपने उत्पादों से हटा दिया।
Iota Nanotechnology Private Limited ने लेबल से भ्रामक दावे हटाए और गैर-मानकीकृत पानी का उत्पादन बंद कर दिया।
Panchamrit Industries Private Limited ने अपनी वेबसाइट से इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक उत्पाद को हटा दिया।
खाद्य लेबल को लेकर FSSAI की सख्ती-
FSSAI की कार्रवाई से साफ है कि खाद्य उत्पादों की पैकेजिंग और लेबल पर किए जाने वाले दावों को लेकर नियामक सख्ती बरत रहा है। कंपनियों को उत्पादों के बारे में ऐसे दावे करने से बचना होगा, जो उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हैं। नियामक की कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य उत्पादों की जानकारी को अधिक पारदर्शी बनाना और उपभोक्ताओं को भ्रामक दावों से बचाना है।
यह भी पढ़ें- यूपी में IPS की मां की हत्या, लूट के बाद वारदात; हाथ में मिला इंजेक्शन का निशान








