Home » राजनीति » इंटरनेट, ब्लूटूथ या Wi-Fi से नहीं जुड़ी EVM, CEC ने बताया क्यों नहीं हो सकती छेड़छाड़

इंटरनेट, ब्लूटूथ या Wi-Fi से नहीं जुड़ी EVM, CEC ने बताया क्यों नहीं हो सकती छेड़छाड़

 EVM Tampering:
Dainik Bhaskar

EVM Tampering: मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत में इस्तेमाल होने वाली EVM इंटरनेट, ब्लूटूथ या Wi-Fi से जुड़ी नहीं होती है। ऐसे में इन मशीनों के साथ ऑनलाइन माध्यम से छेड़छाड़ करना संभव नहीं है।

EVM Tampering: EVM को लेकर फेक न्यूज से रहें सावधान-

लखनऊ के कॉल्विन तालुकेदार्स कॉलेज में छात्रों से बातचीत के दौरान CEC ज्ञानेश कुमार ने EVM और चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सवालों के जवाब दिए। उन्होंने युवाओं को सोशल मीडिया पर फैलने वाली फेक न्यूज और भ्रामक जानकारी से सावधान रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि किसी भी खबर या जानकारी पर भरोसा करने से पहले उसके स्रोत और उसकी सच्चाई की जांच करना जरूरी है। CEC के मुताबिक, EVM से छेड़छाड़ को लेकर फैलाए जाने वाले दावों की भी तथ्यात्मक जांच की जानी चाहिए।

EVM Tampering: 18 साल की उम्र में वोटर बनने की अपील-

ज्ञानेश कुमार ने संविधान के अनुच्छेद 326 का जिक्र करते हुए युवाओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने 18 साल की उम्र पूरी कर चुके छात्रों से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने को कहा। उन्होंने बताया कि चुनाव आयोग के डिजिटल माध्यमों से मतदाता पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध है। CEC ने युवाओं से खुद वोटर बनने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।

पढ़ाई के साथ खेलकूद भी जरूरी-

छात्रों से संवाद के दौरान CEC ने अपने छात्र जीवन की यादें भी साझा कीं। उन्होंने अपनी सफलता में शिक्षकों और स्कूल के योगदान का जिक्र करते हुए छात्रों को पढ़ाई के साथ खेलकूद पर भी ध्यान देने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि जीवन में शिक्षा और खेल के बीच संतुलन जरूरी है। ज्ञानेश कुमार ने बताया कि विदेश जाने की योजना के बावजूद अपनी मां की इच्छा और देश के प्रति लगाव ने उन्हें भारत में रहकर सेवा करने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद उन्होंने IAS परीक्षा पास की और केरल कैडर से प्रशासनिक सेवा शुरू की।

निष्पक्ष चुनाव के लिए आयोग प्रतिबद्ध-

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भारत में करीब 100 करोड़ मतदाता हैं और इतने बड़े स्तर पर चुनाव कराना बड़ी जिम्मेदारी है। चुनाव प्रक्रिया को सफल बनाने में बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी अपनी भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग संविधान, कानून और निर्धारित नियमों के अनुसार स्वतंत्र, निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने के लिए प्रतिबद्ध है। CEC ने युवाओं से वोटिंग प्रक्रिया को लेकर जागरूक रहने और लोकतंत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने चुनाव, EVM और लोकतंत्र से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका CEC ज्ञानेश कुमार ने जवाब दिया।

यह भी पढ़े- हाई ब्लड प्रेशर के ये 5 संकेत, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे नजरअंदाज?