Home » स्वास्थ्य » हाई ब्लड प्रेशर के ये 5 संकेत, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे नजरअंदाज?

हाई ब्लड प्रेशर के ये 5 संकेत, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे नजरअंदाज?

High BP Signs:

High BP Signs: हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन को अक्सर ‘साइलेंट किलर’ कहा जाता है, क्योंकि कई बार इसके लक्षण साफ तौर पर नजर नहीं आते। विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ संकेतों को नजरअंदाज करने के बजाय समय रहते ब्लड प्रेशर की जांच कराना जरूरी है।

High BP Signs: हाई ब्लड प्रेशर के 5 प्रमुख लक्षण-

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, बहुत ज्यादा बढ़े हुए ब्लड प्रेशर की स्थिति में तेज सिरदर्द, सांस लेने में तकलीफ और धुंधला दिखने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ लोगों को दिल की धड़कन तेज होने की शिकायत भी हो सकती है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है। सरवोदया हॉस्पिटल, फरीदाबाद के सीनियर कंसल्टेंट-कार्डियोलॉजी डॉ. उज्ज्वल कुमार के अनुसार, शरीर में बार-बार ऐसे बदलाव महसूस होने पर ब्लड प्रेशर की जांच करानी चाहिए। लंबे समय तक अनियंत्रित हाई बीपी का असर हार्ट, दिमाग, किडनी और आंखों समेत शरीर के कई अंगों पर पड़ सकता है।

High BP Signs: सुबह उठते ही सिर में भारीपन या दर्द-

अगर लगातार सुबह उठते ही सिरदर्द या भारीपन महसूस होता है, तो इसे सिर्फ नींद की कमी या तनाव से जोड़कर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। कुछ लोगों में अनियंत्रित ब्लड प्रेशर के साथ सिरदर्द की शिकायत हो सकती है।
हालांकि, सिर्फ सिरदर्द के आधार पर हाई बीपी की पुष्टि नहीं की जा सकती। माइग्रेन, तनाव और नींद से जुड़ी समस्याएं भी इसका कारण हो सकती हैं। अगर सुबह का सिरदर्द बार-बार हो रहा है, तो ब्लड प्रेशर जरूर चेक कराएं।

 बिना ज्यादा काम किए थकान महसूस होना-

दिनभर काम करने के बाद थकान होना सामान्य है, लेकिन बिना ज्यादा मेहनत किए ही लगातार कमजोरी या अत्यधिक थकान महसूस हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। थकान के पीछे एनीमिया, नींद की कमी, तनाव और थायराइड जैसी कई वजहें हो सकती हैं। इसलिए केवल इस लक्षण के आधार पर हाई बीपी मानना सही नहीं है। लगातार कमजोरी महसूस होने पर डॉक्टर से जांच कराना बेहतर है।

सीढ़ियां चढ़ने पर सांस फूलना-

अगर सीढ़ियां चढ़ते या थोड़ा चलने पर सामान्य से ज्यादा सांस फूलती है, तो इसे केवल बढ़ती उम्र का असर मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। लंबे समय तक अनियंत्रित हाई बीपी रहने पर हार्ट पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है। अगर सांस फूलने के साथ सीने में दर्द, चक्कर या असामान्य थकान भी हो, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

धुंधला दिखना या बार-बार चक्कर आना-

लंबे समय तक हाई ब्लड प्रेशर रहने से आंखों की ब्लड वेसल्स को नुकसान पहुंच सकता है। इसके कारण कुछ लोगों को धुंधला दिखाई देने की समस्या हो सकती है। अगर लगातार धुंधला दिख रहा हो, आंखों के सामने अंधेरा छा रहा हो या चक्कर के साथ अन्य लक्षण भी दिखाई दें, तो ब्लड प्रेशर की जांच के साथ आंखों की जांच भी करानी चाहिए।

 तेज धड़कन या सीने में भारीपन-

बिना किसी स्पष्ट कारण के दिल की धड़कन तेज महसूस होना या सीने में दबाव और भारीपन की शिकायत को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। तनाव, कैफीन, एनीमिया और हार्ट बीट से जुड़ी समस्याएं भी इन लक्षणों का कारण हो सकती हैं। हाई बीपी की स्थिति में हार्ट पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है।

हाई ब्लड प्रेशर से बचाव कैसे करें-

डॉ. उज्ज्वल कुमार के अनुसार, ब्लड प्रेशर को नियंत्रित रखने के लिए रोजमर्रा की आदतों में सुधार करना जरूरी है।
खाने में नमक की मात्रा सीमित रखें।
फल, सब्जियां, साबुत अनाज और दालों को डाइट में शामिल करें।
रोजाना फिजिकल एक्टिविटी करें।
वजन को हेल्दी बनाए रखें।
स्मोकिंग और शराब से बचें।
पर्याप्त नींद लें।
तनाव को मैनेज करने की कोशिश करें।
डॉक्टर की सलाह के अनुसार नियमित रूप से ब्लड प्रेशर की जांच कराएं

यह भी पढ़े- पटना एयरपोर्ट पर विमान से टकराया पक्षी, पायलट की सूझबूझ से टला हादसा