Home » उत्तर प्रदेश » कानपुर में 100 फीट की ऊंचाई पर डगमगाया ट्रेनिंग विमान, पेड़ों से टकराकर गिरा; पायलट और ट्रेनी की मौत

कानपुर में 100 फीट की ऊंचाई पर डगमगाया ट्रेनिंग विमान, पेड़ों से टकराकर गिरा; पायलट और ट्रेनी की मौत

ट्रेनिंग विमान क्रैश, पायलट और ट्रेनी की मौत

Kanpur Plane Crash: कानपुर में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक विमान हादसा हुआ। गंगा बैराज के पास ट्रेनिंग के दौरान एक चार सीटर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसा सुबह करीब 11:50 बजे हुआ। विमान में सवार इंस्ट्रक्टर पायलट सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी की मौत हो गई।

करीब 100 फीट की ऊंचाई पर बिगड़ा संतुलन

जानकारी के मुताबिक, विमान जब करीब 100 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था, तभी अचानक डगमगाने लगा। पायलट विमान को संभाल पाते, इससे पहले ही उसका संतुलन बिगड़ गया। विमान पेड़ों से टकराता हुआ जमीन पर जा गिरा। जमीन से टकराते ही तेज धमाका हुआ।हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे। देखते ही देखते घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। करीब 12:15 बजे पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेर लिया।

दोनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया

पुलिस ने विमान के पास खून से लथपथ हालत में मिले इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और ट्रेनी अभिषेक पुजारी को अस्पताल पहुंचाया। दोनों को बेसुध हालत में हैलेट अस्पताल लाया गया। वहां ईएमओ डॉ. आरएस सिंह ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान गुजरात निवासी सचिन भाटिया और कर्नाटक निवासी अभिषेक पुजारी के रूप में हुई है। अभिषेक विमान उड़ाने की ट्रेनिंग ले रहे थे, जबकि सचिन उन्हें प्रशिक्षण दे रहे थे।

Kanpur Plane Crash: ट्रेनिंग विमान क्रैश, पायलट और ट्रेनी की मौत
ट्रेनिंग विमान क्रैश, पायलट और ट्रेनी की मौत
Kanpur Plane Crash: मलबे में तब्दील हुआ विमान

हादसे के बाद घटनास्थल से जुड़े कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। इनमें विमान ऊंचाई से गिरने के बाद पूरी तरह मलबे में बदला हुआ दिखाई दे रहा है। एक पायलट कॉकपिट के पास फंसा नजर आया, जबकि दूसरा गंभीर हालत में विमान से कुछ दूरी पर खून से लथपथ पड़ा दिखाई दिया। विमान की एक सीट भी टूटकर बाहर गिरी हुई थी।पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर लिया है और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया। हादसे की वजह जानने के लिए जांच भी शुरू कर दी गई है।

11:30 बजे भरी थी उड़ान

कानपुर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, चार सीटर टेक्नम विमान ने चकेरी स्थित गर्ग एविएशन ट्रेनिंग सेंटर से सुबह करीब 11:30 बजे उड़ान भरी थी। लगभग 20 मिनट बाद, 11:50 बजे विमान कानपुर से करीब 39 किलोमीटर दूर नत्थापुरवा गांव में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।उन्होंने बताया कि विमान में दो लोग सवार थे। इनमें गुजरात के रहने वाले इंस्ट्रक्टर सचिन भाटिया और कर्नाटक के रहने वाले ट्रेनी अभिषेक पुजारी शामिल थे। सचिन भाटिया के पास करीब 3,000 घंटे उड़ान का अनुभव था।

Kanpur Plane Crash: DGCA को दी गई जानकारी

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि हादसे की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय यानी DGCA को दे दी गई है। अब DGCA की टीम घटनास्थल पर जांच-पड़ताल करेगी। विमान के तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जाएगी।पुलिस के मुताबिक, पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर दिया गया है, ताकि जांच के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो। विमान के ट्रेनिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त होने की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

2023 में ट्रेनिंग के लिए लाया गया था विमान

हादसे में शामिल विमान टेक्नम कंपनी का बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, इस विमान को वर्ष 2023 में ट्रेनिंग के लिए लाया गया था। विमान से जुड़ी तकनीकी जानकारी अब DGCA की जांच के बाद ही सामने आएगी।कंपनी की ओर से दावा किया गया है कि विमान के मेंटिनेंस में किसी तरह की कमी नहीं थी। विमान के पास 3,000 घंटे की फ्लाइंग से जुड़ा सर्टिफिकेट भी बताया गया है।

Kanpur Plane Crash: गर्ग एविएशन का था विमान

दुर्घटनाग्रस्त विमान कानपुर की गर्ग एविएशन फ्लाइंग ट्रेनिंग एकेडमी का था। एकेडमी में 100 से अधिक युवक-युवतियां विमान उड़ाने की ट्रेनिंग ले रहे हैं। संस्थान के पास सिंगल इंजन और ट्विन इंजन, दोनों तरह के विमान मौजूद हैं।पुलिस के अनुसार, ग्वालटोली थाना क्षेत्र के नत्था पुरवा में यह हादसा हुआ। प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि विमान ने कानपुर कैंट क्षेत्र से उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद विमान नत्था पुरवा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

अधिकारी मौके पर पहुंचे

हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस कमिश्नर रघुवीर लाल के साथ एडिशनल सीपी संकल्प शर्मा और विपिन ताड़ा तथा CFO दीपक शर्मा भी मौके पर पहुंचे।फिलहाल हादसे की असली वजह सामने नहीं आई है। DGCA की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि विमान का संतुलन क्यों बिगड़ा और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई।

ये भी पढ़ें…महंगाई के खिलाफ इंदौर में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, राजवाड़ा पर शक्कर-पनीर बांटकर सरकार को घेरा