Breaking News
Home » तमिलनाडु » मंत्रियों के बीच जाकर क्यों बैठे CM विजय? विधानसभा में बदली कुर्सी ने खींचा सबका ध्यान

मंत्रियों के बीच जाकर क्यों बैठे CM विजय? विधानसभा में बदली कुर्सी ने खींचा सबका ध्यान

विधानसभा में सीएम विजय का अलग अंदाज

Tamil Nadu CM: तमिलनाडु विधानसभा में गुरुवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने सबका ध्यान खींच लिया। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय अपनी तय सीट पर बैठने के बजाय मंत्रियों के बीच जाकर बैठ गए। उन्होंने सदन की कार्यवाही में मंत्री के लिए निर्धारित सीट पर बैठकर हिस्सा लिया।रिपोर्ट्स के अनुसार, विधानसभा के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी मुख्यमंत्री ने अपनी निर्धारित सीट छोड़कर मंत्री की सीट पर बैठकर कार्यवाही में भाग लिया। विजय सदन के नेता और मंत्री केए सेंगोट्टैयन तथा मंत्री आधव अर्जुन के बीच जाकर बैठे।

Tamil Nadu CM: मुख्यमंत्री और मंत्रियों की सीट होती है तय

विधानसभा में मुख्यमंत्री के लिए स्पीकर की सीट के पास एक अलग स्थान निर्धारित होता है। वहीं, मंत्रियों के लिए सामने की कतार में सीटें तय रहती हैं। आमतौर पर मंत्रियों को उनकी वरिष्ठता के आधार पर सीट दी जाती है।हालांकि, विधायक और मंत्री कभी-कभी आपस में बातचीत करने या किसी अन्य कारण से अपनी सीट बदल लेते हैं, लेकिन मुख्यमंत्री का अपनी तय सीट छोड़कर मंत्री की सीट पर जाकर बैठना सामान्य घटना नहीं है।

अधिकारियों की गैरमौजूदगी पर विपक्ष ने उठाया सवाल

मुख्यमंत्री के सीट बदलने से पहले विधानसभा में एक अहम मुद्दे पर चर्चा हो रही थी। इस दौरान वरिष्ठ अधिकारियों की गैरमौजूदगी को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाया।विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने पूछा कि चर्चा के दौरान विभागीय सचिव सदन में मौजूद क्यों नहीं हैं।उदयनिधि ने करूर भगदड़ की घटना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पिछली डीएमके सरकार के समय तत्कालीन मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, मुख्य सचिव और संबंधित विभागों के सचिव महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा के दौरान विधानसभा में मौजूद रहते थे।उनका कहना था कि मौजूदा विधानसभा सत्र में अधिकारियों की इस तरह की मौजूदगी देखने को नहीं मिल रही है।

Tamil Nadu CM: विधानसभा में सीएम विजय का अलग अंदाज
विधानसभा में सीएम विजय का अलग अंदाज
Tamil Nadu CM: मंत्री ने बताया, ‘वार रूम’ में मौजूद थे अधिकारी

उदयनिधि स्टालिन के सवाल का जवाब मंत्री आधव अर्जुन ने दिया। उन्होंने बताया कि विभागीय सचिव विधानसभा के पास बनाए गए ‘वार रूम’ में मौजूद थे।मंत्री के मुताबिक, अधिकारी सदन में विधायकों की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों और उनके भाषणों पर नोट्स तैयार कर रहे थे।मुख्यमंत्री बनने के बाद से सी. जोसेफ विजय के कई फैसले और उनकी कार्यशैली चर्चा में रही है। इनमें उनकी पोशाक, नियुक्ति और विधानसभा की कार्यवाही से जुड़े कुछ कदम भी शामिल हैं।

10 मई 2026: ब्लैक सूट में शपथ

विजय ने 10 मई 2026 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ब्लैक सूट पहनकर ली थी। तमिलनाडु की राजनीति में आमतौर पर नेता सफेद शर्ट और वेष्टी पहनकर शपथ लेते हैं। ऐसे में विजय का ब्लैक सूट पहनना अलग नजर आया।

12 मई 2026: निजी ज्योतिषी को ओएसडी बनाया

12 मई 2026 को विजय ने अपने निजी ज्योतिषी रिक्की राधन पंडित को ऑफिसर ऑफ स्पेशल ड्यूटी (OSD) नियुक्त किया था। इस नियुक्ति को लेकर काफी विवाद हुआ।विवाद बढ़ने के बाद विजय ने यह फैसला वापस ले लिया और 13 मई को रिक्की राधन पंडित ने इस्तीफा दे दिया।

13 मई 2026: विश्वास मत और लाइव प्रसारण

13 मई 2026 को विजय ने विधानसभा में विश्वास मत पेश किया। TVK के मुताबिक, इस फ्लोर टेस्ट के दौरान तमिलनाडु विधानसभा की कार्यवाही का पूरी तरह लाइव प्रसारण किया गया। पार्टी ने इसे विधानसभा के इतिहास में पहली बार होने वाला प्रसारण बताया।

Tamil Nadu CM: सचिवालय में भी दिखी अलग कार्यशैली

विजय की कार्यशैली सचिवालय में भी बाकी नेताओं से अलग बताई जाती है। रिपोर्ट के मुताबिक, वह तय समय पर सचिवालय पहुंचते हैं और करीब सात घंटे अपने डेस्क पर काम करते हैं।अधिकारियों के लिए भी समय की पाबंदी को महत्व दिया गया है। रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि विजय अपना खाना खुद लेकर आते हैं और सचिवालय में अपने केबिन में ही भोजन करते हैं।इस तरह मुख्यमंत्री की सीट बदलने से लेकर उनके काम करने के तरीके तक, विजय के कई कदम तमिलनाडु की राजनीति में चर्चा का विषय बने हुए हैं।

ये भी पढ़ें… ब्यावरा में भोपाल बायपास ब्रिज पर बड़ा हादसा, कर्व पर बेकाबू बस दीवार से टकराई; 4 की मौत, 11 घायल