Breaking News
Home » Breaking News » सांसद निधि के खर्च पर कंगना का फूटा गुस्सा, अधिकारियों से मांगी जवाबदेही; बोलीं- रिपोर्ट और जमीन की हकीकत में अंतर क्यों?

सांसद निधि के खर्च पर कंगना का फूटा गुस्सा, अधिकारियों से मांगी जवाबदेही; बोलीं- रिपोर्ट और जमीन की हकीकत में अंतर क्यों?

MP Kangana Ranaut: हिमाचल प्रदेश के मंडी में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक के दौरान सांसद कंगना रनौत ने विकास कार्यों और सांसद निधि के इस्तेमाल को लेकर अधिकारियों से कड़े सवाल किए। बैठक में उन्होंने दावा किया कि करीब 11 करोड़ रुपये की सांसद निधि उपलब्ध होने के बावजूद महज 50 लाख रुपये खर्च हुए हैं। उन्होंने अधिकारियों से लंबित कार्यों में तेजी लाने और निधि के उपयोग की विस्तृत रिपोर्ट देने को कहा।

रिपोर्ट में 90 फीसदी खर्च, हकीकत कुछ और?

कंगना रनौत ने बैठक में अधिकारियों की ओर से दी जा रही रिपोर्ट पर भी सवाल उठाया। उनके मुताबिक, उन्हें लगातार ऐसी जानकारी दी जा रही थी जिसमें सांसद निधि का करीब 90 फीसदी पैसा खर्च होने की बात बताई गई, लेकिन बाद में एजेंसियों की रिपोर्ट में स्थिति अलग सामने आई।सांसद ने कहा कि सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। जनता को इसका असर जमीन पर दिखाई देना चाहिए।

MP Kangana Ranaut
                                                            MP Kangana Ranaut
MP Kangana Ranaut: ‘नेशनल मीडिया में मेरा मजाक उड़ता है’

बैठक में कंगना ने कहा कि सांसद निधि का समय पर इस्तेमाल नहीं होने का असर उनकी सार्वजनिक छवि पर भी पड़ता है। उन्होंने अधिकारियों के कामकाज पर तंज कसते हुए कहा कि रिपोर्ट तैयार करने में अधिकारी एक्टिंग में उनसे भी आगे हैं। कंगना ने मंडी में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों और जनता की नाराजगी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर लोग लगातार विकास कार्यों को लेकर सवाल उठा रहे हैं और वीडियो-रील के जरिए अपनी समस्याएं सामने रख रहे हैं।

अधिकारियों के रवैये पर नाराजगी

बैठक के दौरान सांसद अधिकारियों के कामकाज को लेकर काफी नाराज नजर आईं। उन्होंने तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अधिकारियों को ‘फूहड़’ और ‘निठल्ले’ तक कह दिया। कंगना ने अधिकारियों से पूछा कि जब जनता विकास कार्यों को लेकर सवाल कर रही है तो प्रशासनिक स्तर पर काम में तेजी क्यों नहीं दिखाई दे रही। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सांसद निधि से स्वीकृत कार्यों को लंबित न रखा जाए और संबंधित विभाग समयबद्ध तरीके से योजनाओं को पूरा करें।

MP Kangana Ranaut: मांगी गई परफॉर्मेंस रिपोर्ट

कंगना ने अधिकारियों से सांसद निधि के तहत जारी रकम और उसके इस्तेमाल की परफॉर्मेंस रिपोर्ट मांगी है। इसके साथ ही लंबित परियोजनाओं की स्थिति, खर्च की गई राशि और आगे की कार्ययोजना को लेकर भी जानकारी देने के निर्देश दिए।

दरअसल, इस बैठक में कंगना का मुख्य फोकस सिर्फ अधिकारियों की नाराजगी जताने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि सांसद निधि के वास्तविक इस्तेमाल और विकास कार्यों की मॉनिटरिंग पर रहा। अब अधिकारियों से मांगी गई रिपोर्ट के बाद यह स्पष्ट होगा कि करीब 11 करोड़ रुपये की उपलब्ध निधि में से कितनी राशि किन परियोजनाओं पर खर्च हुई और कितना काम अभी बाकी है।

ये भी पढ़े… झीरम घाटी कांड: कैसे हुआ था कांग्रेस नेताओं का नरसंहार? महेंद्र कर्मा समेत 27 लोगों की मौत, 13 साल बाद 10 दोषी