Home » बिज़नेस » Gold Silver Price Crash: सोना-चांदी धड़ाम, एक झटके में ₹10,000 से ज्यादा टूटे दाम; जानें गिरावट की वजह

Gold Silver Price Crash: सोना-चांदी धड़ाम, एक झटके में ₹10,000 से ज्यादा टूटे दाम; जानें गिरावट की वजह

Gold Silver Price Crash:

Gold Silver Price Crash: सोने और चांदी की कीमतों में गुरुवार शाम अचानक भारी गिरावट देखने को मिली। MCX पर सोना करीब ₹2,364 टूट गया, जबकि चांदी की कीमत में ₹10,632 की गिरावट दर्ज की गई। अमेरिका के महंगाई आंकड़ों और वैश्विक तनाव के बीच निवेशकों की सतर्कता बढ़ने से बुलियन मार्केट पर दबाव देखने को मिला।

Gold Silver Price Crash: सोने की कीमत में अचानक आई बड़ी गिरावट-

गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे के आसपास सोने और चांदी की कीमतों में अचानक भारी गिरावट देखने को मिली। इसका असर ग्लोबल मार्केट के साथ-साथ घरेलू बाजार में भी दिखाई दिया। मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और अमेरिका से आने वाले अहम महंगाई आंकड़ों से पहले निवेशक सतर्क नजर आए। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर अक्टूबर डिलीवरी वाला सोना ₹2,364 टूटकर ₹1,51,400 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। कारोबार के दौरान सोने का निचला स्तर भी ₹1,51,400 रहा, जबकि इसका ऊपरी स्तर ₹1,54,450 दर्ज किया गया। इससे पहले सोना ₹1,53,763 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

Gold Silver Price Crash: चांदी में भी आया जोरदार क्रैश-

चांदी की कीमतों में सोने के मुकाबले और बड़ी गिरावट देखने को मिली। कारोबार के दौरान चांदी 4 फीसदी से ज्यादा टूट गई। इसकी कीमत ₹10,632 गिरकर ₹2,33,581 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। यह चांदी का दिनभर का निचला स्तर रहा। कारोबार के दौरान चांदी का उच्च स्तर ₹2,44,300 प्रति किलोग्राम दर्ज किया गया, जबकि पिछले कारोबारी दिन यह ₹2,44,213 पर बंद हुई थी।

क्यों धड़ाम हुए सोना और चांदी-

सोने और चांदी में इस भारी गिरावट के पीछे कई अहम वजहें बताई जा रही हैं। आरमनी की सीनियर रिसर्च मैनेजर मौमिता सामंता के मुताबिक, बाजार की नजर अमेरिका के आने वाले महंगाई आंकड़ों पर है। इसके साथ ही अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने भी बाजार की चिंता बढ़ाई है। मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ने के कारण क्रूड ऑयल की कीमतें 103 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई हैं। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से बाजार में महंगाई बढ़ने की आशंका फिर मजबूत हुई है। ऐसे माहौल में निवेशक सोने-चांदी समेत बुलियन मार्केट में सतर्क रुख अपना रहे हैं।

बुलियन मार्केट पर और बढ़ सकता है दबाव-

कोटक सिक्योरिटीज की AVP कमोडिटी रिसर्च कायनात चैनवाला ने बताया कि निवेशक अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आगामी फैसले को लेकर काफी सतर्क हैं। गुरुवार को सोने की कीमत 4,400 डॉलर और चांदी 66.5 डॉलर से नीचे फिसल गई। बाजार की नजर गुरुवार को आने वाले प्रोड्यूसर प्राइस इंडेक्स (PPI) और शुक्रवार को जारी होने वाली कंज्यूमर प्राइस रिपोर्ट (CPI) पर है। अगर महंगाई के आंकड़े उम्मीद से मजबूत आते हैं तो बुलियन मार्केट पर दबाव और बढ़ सकता है।

डॉलर और ट्रेजरी यील्ड का भी असर-

सोने और चांदी की कीमतों पर अमेरिकी डॉलर की चाल और ट्रेजरी यील्ड में उतार-चढ़ाव का भी असर पड़ रहा है। इन दोनों कारकों के चलते फिलहाल बुलियन मार्केट में दबाव बना हुआ है। आने वाले अमेरिकी महंगाई आंकड़ों और फेडरल रिजर्व के रुख से यह तय होगा कि सोने और चांदी की कीमतों में आगे तेजी लौटती है या गिरावट का दबाव जारी रहता है

यह भी पढ़े- हिमाचल कैबिनेट में फेरबदल की चर्चा के बीच दिल्ली से लौटे मंत्री, हाईकमान के फैसले पर नजर