Home » अंतर्राष्ट्रीय » BRICS Summit 2026 में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज नेता, भारत के एजेंडे पर रहेगी नजर

BRICS Summit 2026 में जुटेंगे दुनिया के दिग्गज नेता, भारत के एजेंडे पर रहेगी नजर

BRICS Summit 2026:

BRICS Summit 2026: भारत में दो दिवसीय BRICS शिखर सम्मेलन शनिवार से शुरू होने जा रहा है। दुनिया में बढ़ते व्यापारिक तनाव और भू-राजनीतिक बदलावों के बीच भारत इस सम्मेलन के जरिए आर्थिक विकास को गति देने और ‘ग्लोबल साउथ’ की प्राथमिकताओं को सामने रखने की तैयारी में है। सम्मेलन में खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा स्थिरता और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

BRICS Summit 2026: चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग का आना तय-

BRICS Summit 2026 में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के शामिल होने की पुष्टि हो चुकी है। करीब सात साल बाद यह उनकी भारत की पहली यात्रा होगी। इसके अलावा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो भी शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे।

BRICS Summit 2026: आर्थिक विकास पर भारत का फोकस-

भारत BRICS की अध्यक्षता के दौरान ‘ग्लोबल साउथ’ की प्रमुख विकास प्राथमिकताओं को महत्व देगा। वैश्विक व्यापार विवादों और भू-राजनीतिक बदलावों के कारण पैदा हो रही आर्थिक चुनौतियों के बीच भारत खाद्य सुरक्षा, ऊर्जा स्थिरता और मजबूत आपूर्ति श्रृंखला से जुड़ी कमजोरियों को दूर करने पर जोर देगा। ‘ग्लोबल साउथ’ में मुख्य रूप से विकासशील, अल्प विकसित और अविकसित देश शामिल माने जाते हैं। इनमें अफ्रीका, एशिया और लैटिन अमेरिका के कई देश आते हैं।

BRICS में कितने देश शामिल हैं-

BRICS की शुरुआत ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका के साथ हुई थी। 2024 में इसके विस्तार के बाद मिस्र, इथियोपिया, ईरान, संयुक्त अरब अमीरात और सऊदी अरब इसमें शामिल हुए। इसके बाद 2025 में इंडोनेशिया भी BRICS का हिस्सा बना। इसके अलावा बेलारूस, बोलीविया, कजाकिस्तान, क्यूबा, मलेशिया, नाइजीरिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम पिछले साल BRICS के साझेदार देश बने।

‘मानवता सर्वोपरि’ है इस साल की थीम-

भारत ने इस साल BRICS की थीम ‘मानवता सर्वोपरि’ रखी है। यह थीम जन-केंद्रित दृष्टिकोण पर आधारित है और लचीलापन, नवाचार, सहयोग और स्थिरता को बढ़ावा देने पर जोर देती है। इस साल देशभर के 25 से अधिक शहरों में 350 से ज्यादा बैठकें और उच्चस्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं। इनका उद्देश्य BRICS की रणनीतिक साझेदारी को राजनीतिक एवं सुरक्षा, आर्थिक एवं वित्तीय और सांस्कृतिक एवं लोगों के बीच संपर्क के तीन प्रमुख क्षेत्रों में मजबूत करना है।

भारत पहले भी कर चुका है BRICS की अध्यक्षता-

भारत BRICS का संस्थापक सदस्य है और इससे पहले भी इसकी अध्यक्षता कर चुका है। भारत ने 2012, 2016 और 2021 में BRICS की अध्यक्षता की थी। इसके बाद 1 जनवरी 2026 को भारत ने चौथी बार BRICS की अध्यक्षता संभाली।

किस समय शुरू होगा सम्मेलन-

BRICS शिखर सम्मेलन शनिवार दोपहर 2:35 बजे एक विशेष सत्र के साथ शुरू होगा। इसके बाद शाम 4:25 बजे सभी नेता ‘भारत इनोवेट्स एग्जिबिशन’ का दौरा करेंगे। शाम 5:05 बजे सभी नेता भारत मंडपम के लॉन में सामूहिक तस्वीर के लिए जुटेंगे और इसके बाद पौधारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। पहले दिन के कार्यक्रमों का समापन शाम 7:30 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से आयोजित रात्रिभोज के साथ होगा। रविवार को सुबह 10:35 बजे आधिकारिक सामूहिक तस्वीर ली जाएगी। इसके बाद सुबह 10:50 बजे ‘लचीलापन, नवाचार, सहयोग और निरंतरता’ सत्र शुरू होगा। सम्मेलन का समापन नई दिल्ली घोषणापत्र जारी किए जाने के साथ होगा

यह भी पढ़े- भारतीय टीम में वापसी पर बोले मोहम्मद शमी, दलीप ट्रॉफी फाइनल के बाद दिया बड़ा बयान