Breaking News
Home » देश-विदेश » बांग्लादेश बोला- भारत से नए सिरे से रिश्ते बनाएंगे: विदेश राज्य मंत्री ने कहा- सीधी बातचीत और आपसी हित जरूरी

बांग्लादेश बोला- भारत से नए सिरे से रिश्ते बनाएंगे: विदेश राज्य मंत्री ने कहा- सीधी बातचीत और आपसी हित जरूरी

भारत के साथ रिश्ते रीसेट करना चाहता है बांग्लादेश

India Bangladesh Relations: बांग्लादेश ने रविवार को कहा कि वह भारत के साथ अपने संबंधों को नए सिरे से शुरू करना चाहता है। बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि दोनों देशों के बीच आगे का रिश्ता आपसी हितों और बराबरी के आधार पर होना चाहिए। उन्होंने शेख हसीना के प्रधानमंत्री रहने के दौर में भारत-बांग्लादेश संबंधों को असहज बताया। कबीर के मुताबिक, ढाका अब नई दिल्ली के साथ एक नए रिश्ते की दिशा में आगे बढ़ना चाहता है और इसके लिए दोनों देशों के बीच सीधे बातचीत जरूरी है। उन्होंने कहा कि यह बातचीत किसी बहुपक्षीय मंच के बजाय द्विपक्षीय स्तर पर होनी चाहिए।

India Bangladesh Relations: भारत को लेकर सोच में संतुलन जरूरी

हुमायूं कबीर ने कहा कि बांग्लादेश को भारत के साथ संबंधों को लेकर जरूरत से ज्यादा ध्यान देने वाली सोच से बाहर निकलना होगा। उन्होंने कहा कि नई दिल्ली के साथ रिश्तों को संतुलित नजरिए से देखना चाहिए और दोनों देशों के साझा हितों को प्राथमिकता देनी चाहिए। उनके अनुसार, भारत के साथ संबंध बांग्लादेश के दूसरे देशों के साथ रिश्तों का भी एक हिस्सा हैं।कबीर ने कहा कि बांग्लादेश को भारत को लेकर अपने आकर्षण से बाहर निकलने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि भारत भी दूसरे देशों की तरह एक देश है और बांग्लादेश उसके साथ अच्छे द्विपक्षीय संबंध बनाए रखना चाहता है।

BRICS समिट में शामिल नहीं हुए PM रहमान

बांग्लादेश की ओर से यह बयान भारत में हुए BRICS समिट के समाप्त होने के बाद आया है। बांग्लादेश ने पहले कहा था कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान BRICS समिट में शामिल नहीं होंगे, क्योंकि उन्हें व्यक्तिगत हैसियत से आमंत्रित नहीं किया गया था।ढाका के अनुसार, तारिक रहमान को BIMSTEC के अध्यक्ष के तौर पर बुलाया गया था। BIMSTEC बंगाल की खाड़ी से जुड़े दक्षिण और दक्षिण-पूर्व एशिया के 7 देशों का क्षेत्रीय संगठन है, जो आपसी सहयोग और विकास के लिए मिलकर काम करता है।

India Bangladesh Relations: भारत के साथ रिश्ते रीसेट करना चाहता है बांग्लादेश
भारत के साथ रिश्ते रीसेट करना चाहता है बांग्लादेश
India Bangladesh Relations: अगस्त में भी टल गया था भारत दौरा

BRICS समिट से पहले भारत ने दोनों देशों के बीच अलग से द्विपक्षीय बैठक के लिए प्रधानमंत्री तारिक रहमान को भारत आने का निमंत्रण दिया था। उनका 22 अगस्त को भारत दौरा प्रस्तावित था, लेकिन यात्रा से पहले ही इसे टाल दिया गया।उस समय बांग्लादेश ने भारत के सामने पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण का मुद्दा उठाया था। इस मामले को लेकर दोनों देशों के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ है।इस मुद्दे पर बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने उस समय कहा था कि जब माहौल सही होगा, तब दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय दौरे होंगे। उन्होंने कहा था कि इसमें जल्दबाजी करने की कोई जरूरत नहीं है।

हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस के बाद बढ़ा तनाव

दरअसल, 5 अगस्त को शेख हसीना ने दिल्ली में वर्चुअल प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। इसमें उन्होंने अवामी लीग सरकार के सत्ता से हटने की दूसरी बरसी पर पत्रकारों के सवालों के जवाब दिए थे। इस दौरान उन्होंने बांग्लादेश की राजनीति को लेकर भी अपनी बात रखी।शेख हसीना की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस पर बांग्लादेश सरकार ने कड़ी आपत्ति जताई थी। ढाका का कहना था कि भारत में रहते हुए हसीना का सार्वजनिक रूप से राजनीतिक बयान देना दोनों देशों के संबंधों को सामान्य बनाने की कोशिशों को नुकसान पहुंचा सकता है।

बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि उसने इस मामले में भारत को पहले ही आगाह कर दिया था। इसके बावजूद भारत ने हसीना को प्रेस कॉन्फ्रेंस करने की अनुमति दी। हालांकि, भारत ने शेख हसीना की प्रेस कॉन्फ्रेंस रोकने से इनकार कर दिया था।भारत की ओर से कहा गया था कि इस कार्यक्रम का आयोजन एक निजी मीडिया संस्था कर रही थी और इसका सरकार से कोई संबंध नहीं था।

India Bangladesh Relations: बांग्लादेश की भारत से 2 बड़ी मांगें

पहली मांग: बांग्लादेश चाहता है कि भारत शेख हसीना और दूसरे फरार आरोपियों को दोनों देशों के बीच हुई प्रत्यर्पण संधि के तहत बांग्लादेश वापस भेजे।

दूसरी मांग: बांग्लादेश ने शाहिद शरीफ उस्मान हादी की हत्या के मामले में आरोपियों को भी अपने देश को सौंपने की मांग की है।

भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से कहा गया है कि वह बांग्लादेश की इन मांगों की जांच कर रहा है।