Home » राजनीति » PM मोदी के जन्मदिन पर दलाई लामा का पत्र, भारत की सफलता को बताया वैश्विक शांति के लिए अहम

PM मोदी के जन्मदिन पर दलाई लामा का पत्र, भारत की सफलता को बताया वैश्विक शांति के लिए अहम

Dalai Lama:

Dalai Lama: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा ने उन्हें पत्र लिखकर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रार्थना की। दलाई लामा ने भारत के एक आत्मविश्वासी और मजबूत राष्ट्र के रूप में उभरने पर भी प्रधानमंत्री को बधाई दी।

Dalai Lama: भारत की सफलता वैश्विक शांति और स्थिरता में अहम-

दलाई लामा ने अपने पत्र में कहा कि भारत की सफलता वैश्विक शांति, स्थिरता और विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है। उन्होंने खुद को भारत का गौरवान्वित संदेशवाहक बताते हुए कहा कि भारत दुनिया के सामने अहिंसा और करुणा का उदाहरण पेश करता है। उन्होंने कहा कि भारत की प्राचीन बुद्धिमत्ता से दुनिया को शांति और सद्भाव का संदेश मिलता है। दलाई लामा ने प्रधानमंत्री मोदी के लिए अच्छे स्वास्थ्य और आगे भी देश की सेवा करने की शुभकामनाएं दीं।

Dalai Lama: छह दशक से मिल रहे भारत के उदार आतिथ्य का जताया आभार-

दलाई लामा ने भारत सरकार और देश की जनता के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि उन्हें और उनके साथी तिब्बतियों को छह दशक से अधिक समय से भारत की ओर से गर्मजोशी और उदार आतिथ्य मिलता रहा है। उन्होंने भारत के इस सहयोग और आतिथ्य के लिए आभार जताते हुए पत्र के अंत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक बार फिर जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके अच्छे स्वास्थ्य के लिए प्रार्थना की।

भाजपा ने मंदिर में किया हवन-

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के नाहन स्थित कालीस्थान मंदिर में हवन यज्ञ का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने आहुति डाली। हवन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी की दीर्घायु और देश के निरंतर नेतृत्व की कामना की गई। इस मौके पर भाजपा नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा और समर्पण की भावना के साथ मनाया जा रहा है।

17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा एवं जनसंपर्क अभियान-

भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश सहित देशभर में एक महीने तक सेवा एवं जनसंपर्क अभियान चलाएगी। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू होकर 17 अक्टूबर तक चलेगा। भाजपा नेताओं के अनुसार, पार्टी कार्यकर्ता प्रधानमंत्री के जन्मदिवस को सेवा और समर्पण की भावना के साथ मनाएंगे। साथ ही हर घर में दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित की जाएंगी

यह भी पढ़े- PM मोदी को जन्मदिन पर दुनिया से मिली बधाई, किसी ने बताया ‘विश्वासपात्र’ तो कोई बोला ‘सच्चे मित्र’