New Delhi: बिहार के जमुई में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ और बदसलूकी का मामला अभी सुर्खियों में ही है कि इसी बीच राष्ट्रीय दिल्ली में एक ही दिन में दो अलग-अलग जगहों पर मासूम बच्चियों को दुष्कर्म का शिकार बनाया गया। इससे लोगों के कलेजे कांप उठे हैं।डरने की वजह यह है कि राजधानी में ऐसा पहली बार घटित नहीं हुआ है, बल्कि पिछले कुछ दिनों के भीतर भी दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं और बच्चियों के खिलाफ शर्मसार कर देने वाली वारदातें हुई।
पुलिसकर्मी बताकर किया गैंगरेप
सोमवार शाम को कालकाजी मंदिर इलाके की घटना ने सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी।बताया जाता है कि 17 साल की एक नाबालिग लड़की अपनी ही उम्र के एक दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर दर्शन के लिए आई थी।मंदिर के बाद वे आस्था कुंज पार्क में गए। पुलिस के मुताबिक इसी बीच तीन लोग उनके पास आए और खुद को पुलिसकर्मी बताकर डराया-धमकाया। उन्होंने पुलिस और वकीलों जैसी भाषा में कहा कि तुम नाबालिग हो, कुछ गलत कर रहे हो।तुम्हारे खिलाफ मामला दर्ज हो सकता है।इसके बाद उन्होंने लड़के को पकड़ लिया और लड़की के साथ बारी-बारी से रेप किया।
New Delhi: मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार
हालांकि पुलिस ने मुख्य अभियुक्त को एक मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा का सवाल खड़ा हो गया है।खास बात यह है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र के डीएम ऑफिस रोड के पास जब पुलिस टीम ने अभियुक्त को घेरने की कोशिश की, तो उसने पुलिस दल पर तीन राउंड फायरिंग कर दी।आत्मरक्षा में हेड कांस्टेबल ने दो राउंड जवाबी फायरिंग की, जिसमें से एक गोली अभियुक्त के दाहिने पैर में लगी।
आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा
दूसरी वारदात करोलबाग में देशबंधु गुप्ता रोड थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई।यहां एक 34 वर्षीय व्यक्ति द्वारा 6 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किये जाने का मामला सामने आया है।बताया जाता है कि स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।पुलिस ने मासूम का मेडिकल करवाया है जिसके बाद पोक्सो एक्ट और BNS की दूसरी धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
New Delhi:पहले भी दहलती रही दिल्ली
गौरतलब है कि पिछले कुछ दिन पहले भी दिल्ली दहल उठी थी।13 सितंबर को स्वरूप नगर इलाके में कुशक रोड के पास जयपाल राणा के खेत में एक खुले मैदान से एक नाबालिग लड़की की लाश मिली थी।जांच में सामने आया कि उसके साथ गैंगरेप के बाद हत्या कर दी गई थी।स्वरूप नगर की घटना से कुछ दिन पहले दिल्ली में एक चलती सार्वजनिक बस के भीतर नाबालिग से दुष्कर्म की घटना सामने आई थी, जिसने सार्वजनिक परिवहन में महिलाओं की सुरक्षा पर बड़ा सवालिया निशान लगा दिया था।
ये भी पढ़ें…मुजफ्फरनगर के जाटों के मन में क्या है? जयंत चौधरी, योगी और 2027 के चुनाव पर लोगों ने बताया अपना रुख









