Anvay Dravid: भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज खिलाड़ी राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ ने वीनू मांकड़ ट्रॉफी में अपने बल्ले से धमाल मचा दिया है। कर्नाटक अंडर-19 की ओर से खेलते हुए अन्वय ने दिल्ली अंडर-19 के खिलाफ तूफानी पारी खेली। उन्होंने महज 41 गेंदों में 85 रन बनाए और अपनी टीम को बड़ा स्कोर खड़ा करने में अहम योगदान दिया। इस मुकाबले में दिल्ली की कप्तानी पूर्व भारतीय विस्फोटक बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने की, लेकिन उनका बल्ला उम्मीद के मुताबिक नहीं चला।
Anvay Dravid: अन्वय द्रविड़ ने 41 गेंदों में ठोके 85 रन-
वीनू मांकड़ ट्रॉफी में कर्नाटक अंडर-19 और दिल्ली अंडर-19 के बीच खेले गए मुकाबले में अन्वय द्रविड़ ने शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने दिल्ली के गेंदबाजों के खिलाफ आक्रामक अंदाज अपनाते हुए महज 41 गेंदों में 85 रन जड़ दिए। अपनी इस पारी के दौरान अन्वय ने 5 छक्के भी लगाए। अन्वय के अलावा नितिन आर्या और ध्रुव कृष्णन ने भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए शतकीय पारियां खेलीं। इन दमदार पारियों की बदौलत कर्नाटक की टीम ने 49 ओवर में 418 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया।
Anvay Dravid: 198 रन से हारी दिल्ली की टीम-
419 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली अंडर-19 की टीम कर्नाटक के गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी। टीम के कप्तान आर्यवीर सहवाग ने 35 गेंदों में 32 रन बनाए। उनकी पारी में 5 चौके शामिल रहे, लेकिन वह बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे।दिल्ली की पूरी टीम 41.1 ओवर में 220 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। इस तरह कर्नाटक ने यह मुकाबला 198 रन के बड़े अंतर से अपने नाम कर लिया। जहां अन्वय द्रविड़ ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया, वहीं आर्यवीर सहवाग की टीम को करारी हार का सामना करना पड़ा।
ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ नहीं चला था अन्वय का बल्ला-
अन्वय द्रविड़ हाल ही में ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के खिलाफ भारतीय अंडर-19 टीम की ओर से खेलते हुए नजर आए थे। हालांकि, इस सीरीज में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। उन्होंने पहले मुकाबले में 38 रन बनाए थे, जबकि दूसरे मैच में उनके बल्ले से केवल 9 रन निकले थे। हालांकि, इससे पहले अन्वय ने श्रीलंका अंडर-19 टीम के खिलाफ 87 रन की शानदार पारी खेलकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया था। अब वीनू मांकड़ ट्रॉफी में दिल्ली के खिलाफ उनकी विस्फोटक पारी ने एक बार फिर ध्यान खींचा है।
बड़े भाई समित द्रविड़ भी खेल चुके हैं क्रिकेट-
राहुल द्रविड़ के बड़े बेटे समित द्रविड़ भी क्रिकेट की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश कर रहे हैं। वह कर्नाटक के लिए जूनियर स्तर पर क्रिकेट खेल चुके हैं। इसके अलावा समित ने कर्नाटक की महाराजा ट्रॉफी में भी हिस्सा लिया है, जहां उन्होंने कुछ अच्छी पारियां खेलकर अपनी प्रतिभा दिखाई थी। अब अन्वय द्रविड़ भी जूनियर क्रिकेट में अपने प्रदर्शन से सुर्खियां बटोर रहे हैं। दिल्ली के खिलाफ उनकी 85 रन की पारी उनके लिए अहम साबित हुई है।
यह भी पढ़े- रामलीला मैदान से बुराड़ी तक, किन आंदोलनों ने बदली देश की राजनीति और क्या रहा उनका नतीजा?









