Apple Card Support: iPhone में ऐप खरीदनी थी। iCloud का स्टोरेज बढ़ाना था। पर पेमेंट अटक जाता था।कारण सबको पता है। 5 साल पहले RBI के नए नियम आए और Apple ने भारत में डेबिट-क्रेडिट कार्ड बंद कर दिए थे। तब से हम UPI और नेट बैंकिंग पर टिके थे।अब वो दिक्कत खत्म। Apple ने कार्ड सपोर्ट वापस ला दिया है।
क्या नया हुआ है
Apple ने भारत में Visa और Mastercard का सपोर्ट फिर से शुरू कर दिया है। पर एक ट्विस्ट है।आप कार्ड से सीधे App Store पर पेमेंट नहीं कर पाएंगे। पहले अपने Apple Account Wallet में पैसे डालने होंगे। फिर उसी बैलेंस से ऐप खरीदिए या iCloud+ का सब्सक्रिप्शन लीजिए।
सीधी बात। पहले वॉलेट रिचार्ज करो, फिर खर्च करो।यह बदलाव RBI के कार्ड टोकनाइजेशन नियम की वजह से हुआ है। नियम कहता है कि कोई भी कंपनी आपका असली कार्ड नंबर और एक्सपायरी डेट सेव नहीं कर सकती। उसकी जगह एक सुरक्षित डिजिटल टोकन बनेगा। इसी नियम का पालन करने के बाद Apple ने कार्ड वापस ऑन किए हैं।

Apple Card Support: कैसे यूज करेंगे?
स्टेप बहुत सिंपल हैं।
- Settings खोलिए और अपने Apple ID पर जाइए।
- Payment & Shipping में जाकर Add Payment Method चुनिए।
- Visa या Mastercard की डिटेल डालिए।
- OTP से वेरिफाई कीजिए।
- अब Add Funds to Apple Account में जाकर जितना चाहें उतना बैलेंस जोड़िए।
कार्ड कभी भी हटा सकते हैं। और iCloud+ जैसी सब्सक्रिप्शन RBI के ई-मेंडेट नियम के तहत चलेगी। पहली बार OTP लगेगा। उसके बाद तय लिमिट तक पेमेंट अपने आप कट जाएंगे।UPI वाला ऑप्शन पहले की तरह ही रहेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, आने वाले हफ्तों में RuPay कार्ड भी जुड़ सकता है।
ध्यान देने वाली 2 बातें
ये Apple Pay नहीं है। Apple ने साफ किया है। ये सिर्फ Apple Account में बैलेंस जोड़ने के लिए है। कॉन्टैक्टलेस पेमेंट वाली Apple Pay सर्विस भारत में अभी भी नहीं आई है।धीरे-धीरे रोलआउट होगा। अभी कुछ यूजर्स को दिख रहा है। अगले कुछ दिनों में सभी Apple ID तक पहुंच जाएगा।
पहले कार्ड पेमेंट के लिए बार-बार बैंक ऐप खोलना पड़ता था। UPI ID याद रखनी पड़ती थी। अब एक बार वॉलेट में पैसे डाल दो और फिर झंझट खत्म।खासकर उनके लिए अच्छा है, जो हर महीने iCloud, Apple Music या ऐप सब्सक्रिप्शन लेते हैं।5 साल बाद आया ये अपडेट छोटा लग सकता है। पर iPhone यूजर्स के लिए ये बड़ी राहत है।आप कार्ड जोड़ेंगे या UPI से ही काम चलाएंगे?
Written by- Mansi Sharma








