Home » उत्तर प्रदेश » Azam Khan News: ‘चिराग अभी बुझा नहीं’, राजनीति से लेकर भविष्य की रणनीति पर बोले आजम खान

Azam Khan News: ‘चिराग अभी बुझा नहीं’, राजनीति से लेकर भविष्य की रणनीति पर बोले आजम खान

योगी अखिलेश आजम खान

Azam Khan News: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान ने आईएएनएस के साथ एक विशेष इंटरव्यू में बिहार चुनाव, अपनी सुरक्षा, जेल जीवन, मुस्लिम प्रतिनिधित्व, पार्टी संबंधों और राजनीतिक भविष्य पर खुलकर बात की। जेल से रिहाई के बाद पहली बार विशेष बातचीत में सपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि वे अभी भी राजनीति में सक्रिय हैं। ‘चिराग अभी बुझा नहीं है’। इंटरव्यू के प्रमुख अंश कुछ इस प्रकार है।

सवाल: बिहार चुनाव में आपका आकलन क्या है? एनडीए या महागठबंधन कौन जीतेगा? आपको स्टार प्रचारक बनाया गया है।

एनडीए VS महागठबंधन
                                                                                  एनडीए VS महागठबंधन

जवाब: यह एक तरह से राजनीतिक दलों की रस्म सी होती है, सीनियर लोगों को सम्मान दिया जाता है। जेल के दिनों में भी स्टार प्रचारकों की लिस्ट में मेरा नाम था, लेकिन जाहिर है, जेल से बाहर नहीं जा सकते थे। अब तबीयत और सुरक्षा कारणों से भी नहीं जा पा रहा हूं। मेरे पास अब किसी तरह की सुरक्षा नहीं है। जो वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली थी, वह कुछ कमी और कारणों से मैंने खुद ही वापस कर दी। बिहार की हालत अच्छी नहीं है। मेरा दिल चाहता है कि न सिर्फ मैं वहां जाऊं, बल्कि अगर किसी तरह मेरा योगदान हो सके, तो उसमें हिस्सा लूं। बिहार के हालात जितने जटिल हैं, उतने ही जागरूक लोग वहां हैं। जब-जब मुल्क पर खतरा हुआ है, बिहार ने उसकी अगुवाई की है। वहां के लोग चैंपियन हैं। जो भी फैसला होगा, अच्छा होगा।

सवाल: सुरक्षा वापस लौटाने की वजह?

जवाब: देखिए, मुझे जब जेड सिक्योरिटी मिली थी, तो वो किसी राजनीतिक दल ने नहीं दी थी, बल्कि राज्यपाल ने महसूस किया कि मुझे सिक्योरिटी की जरूरत है। उस वक्त के एसपी ने लिखा था कि मेरे लिए जेड सिक्योरिटी भी कम है, इन्हें जेड प्लस दी जाए, जो नहीं दी गई। अब जेड देना तो दूर की बात है, कोई सुरक्षा नहीं है। मेरे जैसे व्यक्ति के लिए वाई श्रेणी की सुरक्षा काफी नहीं है। वजह यह है कि बिना वजह लोग मेरा विरोध करते हैं। कोई भी बहाना बनाकर मेरे ऊपर ओपन फायर करा सकते हैं। कम से कम इतनी सुरक्षा तो हो जहां मैं खुद को सुरक्षित महसूस कर सकूं।

सवाल: क्या आपको लगता है कि आज के हालात में इंडी-गठबंधन एनडीए को हराने में सक्षम है?

जवाब: 1975 में जब देश में आपातकाल लगा, तो दहशत का माहौल हर जगह था। जब इंसान आजाद होता है, तो उसे डर नहीं लगता। जब 1977 में आपातकाल हटा, तो आपने देखा कि कैसा इंकलाब आया, सबकुछ बदल गया। बदलाव के लिए एक लम्हा चाहिए। हालात तो अच्छे नहीं हैं, लोग दुखी हैं, डरे हुए हैं। वह लम्हा कब आएगा, कोई जिम्मेदारी नहीं ले सकता।

सवाल: बिहार में सवाल उठ रहे हैं कि 14 फीसदी यादव आबादी वाले को सीएम घोषित कर दिया गया और 2.5 फीसदी मल्लाह आबादी वाले को डिप्टी सीएम, मगर 19 फीसदी मुसलमान आबादी से कोई नहीं। उनसे पूछा तक नहीं गया। क्या कहेंगे?

जवाब: मैं जानता हूं कि यह सवाल कहां से आया है और जिन्होंने सवाल उठाया, मैं उन्हें भी जानता हूं। मैं उन पर कोई कटाक्ष नहीं कर रहा हूं, उनसे मेरे बहुत अच्छे ताल्लुकात हैं। उनसे मेरा पुराना रिश्ता रहा है। उनका रिश्ता और उनकी सियासत से मेरा नाता हमेशा गहरा रहा है। लेकिन इतने ताकतवर होने के बावजूद भी वे अपने राज्य में कोई बड़ा इंकलाब नहीं ला सके। इस पर बहस करने का अभी समय नहीं है। सवाल यह नहीं है कि हमारी जनसंख्या ज्यादा है तो वजीर-ए-आजम की दावेदारी करना किसी हद तक ठीक हो सकता है। आज उससे बड़ी चीज है, हमें कोई पद मिले न मिले, सुकून-ए-दिल मिले, दहशत की जिंदगी न मिले। हमारे सामने डिप्टी सीएम बनना कोई बड़ी बात नहीं है।

सवाल: मुसलमान वोट के लिए इस्तेमाल होते हैं?

जवाब: बिलकुल नहीं। जो लोग इस्तेमाल होते हैं, उनके पीछे कोई वजह होती होगी। लेकिन यह कहना कि मुसलमान सिर्फ वोट के लिए इस्तेमाल होते हैं, बहुत तौहीन की बात है। हम अपने हक के लिए काम करते हैं। अगर उत्तर प्रदेश में हमसे कहा गया कि हम “इस्तेमाल हुए”, तो यह गलत है, हमने तो अपने वोट का सही इस्तेमाल किया और जिन सरकारों को हमने चुना, उनसे बुनियादी काम करवाए।

सवाल : जब आप जेल में थे, तो क्या आपको उम्मीद थी कि अखिलेश यादव जेल में मिलने आएंगे?

अखिलेश के साथ आजम
                                                                                             अखिलेश के साथ आजम

जवाब: आए तो थे, जेल में भी कई बार आए हैं। पिछली बार जब मैं तीन साल जेल में रहा था, तब भी आए थे, और अभी हाल ही में भी आए। किसी के आने या न आने से रिश्ते बनते या बिगड़ते नहीं हैं। जब किसी से हमारा वैचारिक और ऐतिहासिक लगाव हो, तो वह रिश्ता बना रहता है। उनके परिवार के साथ मेरा नाता लगभग 45 साल पुराना है। रिश्ते नहीं टूट जाते। जिस घर से 45 साल से रिश्ते हों, उन्हें कैसे छोड़ सकता हूं? शिकवा, शिकायत, गलतफहमी हो सकती है, वह कल भी थी, आज भी है, कल भी होगी। हम तब नहीं गए जब निकाले गए, फिल्म अदाकारा की वजह से। हमने उन्हें चुनाव लड़वाया, फिर वापसी भी हुई थी। फिर सोचा था कि संन्यास ले लेंगे, लेकिन उसे नहीं छोड़ेंगे जिससे अच्छे संबंध थे।

सवाल: अगर आज मुलायम सिंह होते और आपको जेल में रखा गया होता, तो इस पूरे प्रदेश में आंदोलन हो उठता?

आजम खान और मुलायम सिंह
                                                                               आजम खान और मुलायम सिंह

जवाब: देखिए, जब मैं पिछली बार जेल में था, तब नेताजी जिंदा थे। लेकिन अब जो मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य है, उसमें कानून का सहारा लेकर पुलिस द्वारा झूठे मुकदमे कायम किए जाते हैं। चार्जशीट का सहारा लेकर कानून की आड़ में होता है। ऐसे हालात में किसी आंदोलन से हमें फायदा नहीं, बल्कि नुकसान ही होता है। कई मौकों पर मुझे पहले से एहसास हुआ कि कुछ होने वाला है और मैंने उसे रोक भी दिया, क्योंकि हमें सड़कों पर नहीं, अदालतों में ट्रायल फेस करना था। इसलिए बहुत सी बातें खुद नहीं होने दीं।

सवाल: मुलायम सिंह अगर सक्रिय होते, तो क्या आपको इतना कष्ट झेलना पड़ता?

जवाब: जुल्म तो मेरा मुकद्दर था। लेकिन क्या आपके पास इस बात की गारंटी है कि अब मेरे साथ कुछ नहीं होगा? जमानत के मौके पर कपिल सिब्बल ने बहुत प्रयास किए। लेकिन क्या गारंटी है कि अगला मुकदमा कायम नहीं होगा? जहां इतना जुल्म बर्दाश्त किया है, जिंदा रहे तो और भी जुल्म बर्दाश्त कर लेंगे।

सवाल: यूपी में 2027 में आपकी सरकार आई तो क्या आंजनेय सिंह जैसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होगी?

जवाब: अभी तो हम अभी की बात देख रहे हैं। लेकिन हम किसी से बदला नहीं लेते, क्योंकि अगर हम भी वही करें जो उसने किया, तो फिर हममें और उनमें फर्क क्या रह जाएगा? इसलिए हम बदला नहीं, इंसाफ पर यकीन रखते हैं, और वही करेंगे। लेकिन इंसाफ जरूर करेंगे।

सवाल: क्या आपने राजनीति से संन्यास ले लिया है या फिर अभी एक पारी और खेलेंगे?

जवाब: अगर मैंने संन्यास ले लिया होता, तो क्या आप लोग आते? आप तो सिर्फ यह देखने आते हैं कि बुझे हुए चिराग के पास जाने की क्या जरूरत है। चिराग में लौ कितनी है? हां, चिरागों का जलना अब मेरे हाथ में नहीं है। रोशन होने के पक्ष में हूं।

सवाल: योगी आदित्यनाथ के दौर में आप वर्षों जेल में रहे हैं। क्या आपकी सरकार आई तो उन पर भी एक्शन होगा?

जवाब: यह तो बदले की बात हो गई। हमारे साथ तो बिना बदले के हुआ है। या सरकार नहीं जान सकती कि हमारी गलती क्या है, सिवाय इसके कि सपा से जुड़े रहे थे, या फिर मैं एक मुसलमान था, और आज भी हमारे दमन पर बेईमानी का कोई दाग नहीं है। 114 मुकदमे होने के बावजूद कोई मुकदमा करप्शन या कमीशन का नहीं है। इससे बड़ी मेरी राजनीतिक जिंदगी का कोई दाग नहीं हो सकता। मैं कैसे वक्त के साथ गुजर रहा हूं। अगर हम भी वही करें जो हमारे साथ हुआ है, तो हममें और उनमें क्या फर्क रह जाएगा? मेरा मजहब मुझे बदला लेने की इजाजत नहीं देता है।

सवाल: क्या आपको लगता है कि आपको जान का खतरा है?

जवाब: किसी को हमने नुकसान नहीं पहुंचाया है। मैंने कभी जाति-धर्म के आधार पर लोगों का काम नहीं किया। अगर किया होता तो रामपुर में मुझे इतनी मोहब्बत नहीं मिलती। मैंने दो कुंभ सफलतापूर्वक कराए, सभी जानते हैं। मेरी जिंदगी ऐसी रही है। मेरा दुश्मन मेरी जान ले सकता है, इससे ज्यादा क्या लेगा? पैसा तो है ही नहीं। वैसे भी जिस दिन मौत लिखी होगी, वह होनी है। मेरे ऊपर पहले गोलियां चलाई गईं, लेकिन ‘जाखों रखां सैयां मार सके न कोई’।

ये भी पढ़े… Ghaziabad News: ACP पर रिश्वतखोरी का आरोप, वायरल लेटर ने खोली पोल

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

Share this post:

खबरें और भी हैं...

Live Video

लाइव क्रिकट स्कोर

Digital marketing for news publishersHUF Registration Services In India

राशिफल