Breaking News
Home » crime » छतरपुर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर के भाई पर फायरिंग का आरोप, युवक गंभीर घायल

छतरपुर में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर के भाई पर फायरिंग का आरोप, युवक गंभीर घायल

Bageshwar Dham:

Bageshwar Dham: मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई शालिग्राम गर्ग पर एक युवक को गोली मारने का आरोप लगा है। घटना राजनगर थाना क्षेत्र के कोड़ा गांव की है, जहां घायल मोतीलाल कुशवाहा को सीने में गोली लगने के बाद गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने ऑपरेशन कर उसकी पसलियों में फंसी गोली निकाल दी है।

जमीन विवाद को लेकर फायरिंग का आरोप

घायल मोतीलाल कुशवाहा ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि शालिग्राम गर्ग अपने साथियों के साथ उसके घर पहुंचे और जमीन बेचने का दबाव बनाने लगे। विरोध करने पर उसे घर से बाहर खींचकर लाठी-डंडों से पीटा गया। इसके बाद शालिग्राम ने तीन से चार राउंड फायर किए, जिनमें से एक गोली उसके सीने में जा लगी।

Bageshwar Dham: घटना का वीडियो आया सामने

घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें शालिग्राम गर्ग और उनके साथी मौके से भागते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में घायल युवक के परिजन उनका पीछा करते नजर आ रहे हैं। एक फ्रेम में शालिग्राम के हाथ में हथियार भी दिखाई दे रहा है। हालांकि, वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Bageshwar Dham: पुलिस ने शुरू की जांच

छतरपुर एसपी रजत सकलेचा ने बताया कि घायल के बयान के आधार पर शालिग्राम गर्ग, सतीश, आशीष और एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सभी आरोपों की जांच कर रही है। फिलहाल इस मामले में शालिग्राम गर्ग या बागेश्वर धाम की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पहले भी विवादों में रह चुके हैं शालिग्राम गर्ग

शालिग्राम गर्ग का नाम इससे पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है। फरवरी 2023 में उन पर एक दलित परिवार की शादी में पिस्टल लहराने और मारपीट का आरोप लगा था। अप्रैल 2024 में सागर के एक टोल प्लाजा पर टोलकर्मियों से मारपीट का मामला दर्ज हुआ था। वहीं दिसंबर 2024 में उन्होंने एक वीडियो जारी कर अपने व्यक्तिगत मामलों को बागेश्वर धाम और पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से अलग बताया था।

यह भी पढे़ : NCP में अध्यक्ष पद को लेकर विवाद, सुनेत्रा पवार को लीगल नोटिस; नए चुनाव की मांग