Baramati Crime News: महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में 12 साल की एक बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। बच्ची राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) यानी NCP (SP) के विधायक रोहित पवार के पर्सनल असिस्टेंट (PA) की बेटी थी।पुलिस के अनुसार, बच्ची का शव रविवार सुबह बारामती के साईनगर इलाके में उसके घर के पास नाले के किनारे मिला। बताया जा रहा है कि शनिवार को किसी बात को लेकर बच्ची का अपनी मां से मामूली विवाद हुआ था। इसके बाद वह नाराज होकर घर से बाहर चली गई थी।
घर नहीं लौटी तो पुलिस को दी सूचना
काफी समय बीतने के बाद भी जब बच्ची वापस घर नहीं पहुंची तो परिवार ने पुलिस से संपर्क कर उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी।रविवार सुबह पुलिस को घर के पास बच्ची का शव मिलने की जानकारी मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बारामती सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया।पुलिस फिलहाल बच्ची की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। अधिकारियों के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची की मौत किस वजह से हुई।
रोहित पवार ने अस्पताल पहुंचकर ली जानकारी
रोहित पवार ने बताया कि वह बारामती मेडिकल कॉलेज में मौजूद हैं। वहां बच्ची के परिवार के सदस्यों, दोस्तों और परिचितों समेत कई लोग मौजूद हैं।उन्होंने बताया कि संबंधित अधिकारी से बातचीत के दौरान उन्हें जानकारी मिली कि बच्ची के शव का पोस्टमार्टम शुरू हो चुका है। रोहित पवार ने पुलिस अधिकारियों से करीब आधे घंटे तक इस मामले को लेकर बातचीत भी की।उन्होंने यह भी बताया कि बच्ची का शव सुबह करीब 8:30 बजे मिला था।
मोबाइल और CCTV फुटेज की जांच
बारामती के सब-डिविजनल पुलिस ऑफिसर चैतन्य कदम ने बताया कि बच्ची के लापता होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की थी। बच्ची के मोबाइल फोन की जांच से पता चला कि घर से निकलने से पहले उसका अपनी मां के साथ विवाद हुआ था।पुलिस इस मामले में आत्महत्या समेत अन्य सभी संभावनाओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जांच के दौरान CCTV फुटेज और कॉल डिटेल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। इसके अलावा एक लड़के के मोबाइल फोन की भी जांच की जा रही है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद बच्ची की मौत की सही वजह सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।








