Bashar al-Assad Death: सीरिया की एक अदालत ने मंगलवार को पूर्व राष्ट्रपति बशर अल-असद और उनके छोटे भाई माहेर अल-असद को मौत की सजा सुनाई। दोनों को सीरिया के गृहयुद्ध के दौरान गंभीर अपराधों के मामले में दोषी ठहराया गया है। अदालत ने यह फैसला दोनों की गैरमौजूदगी में सुनाया, क्योंकि वे दिसंबर 2024 में असद सरकार के पतन के बाद रूस चले गए थे।
Bashar al-Assad Death: बशर अल-असद के ममेरे भाई अतीफ नजीब को भी मौत की सजा-
इसी मामले में बशर अल-असद के ममेरे भाई और पूर्व सुरक्षा अधिकारी अतीफ नजीब को भी मौत की सजा सुनाई गई। अतीफ को जनवरी 2025 में गिरफ्तार किया गया था। मंगलवार को उसे कैदी की वर्दी में अदालत लाया गया और सुनवाई के दौरान उसे पिंजरे में रखा गया।
Bashar al-Assad Death: 2011 में प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई का आदेश देने का आरोप-
अतीफ नजीब 2011 में दारा प्रांत में राजनीतिक सुरक्षा शाखा के प्रमुख थे। उन पर सरकार विरोधी प्रदर्शनों को सख्ती से दबाने का आदेश देने का आरोप लगा। इसी कार्रवाई के बाद विरोध प्रदर्शन और तेज हुए और सीरिया में लंबे गृहयुद्ध की शुरुआत हुई। इस संघर्ष में करीब पांच लाख लोगों की मौत हुई।
दिसंबर 2024 में खत्म हुआ असद परिवार का 53 साल पुराना शासन-
दिसंबर 2024 में विद्रोही गुटों ने दमिश्क पर कब्जा कर बशर अल-असद की सरकार को गिरा दिया था। इसके साथ ही सीरिया पर असद परिवार का करीब 53 साल पुराना शासन समाप्त हो गया। सरकार गिरने से पहले बशर अल-असद अपने परिवार के साथ रूस चले गए थे।
रूस और ईरान के समर्थन के बावजूद क्यों गिरी सरकार-
गृहयुद्ध के दौरान असद सरकार को रूस, ईरान और हिजबुल्लाह का समर्थन मिला था। इससे वह लंबे समय तक सत्ता में बनी रही। लेकिन 2024 में क्षेत्रीय हालात तेजी से बदले। हिजबुल्लाह और ईरान समर्थित गुट कमजोर हुए, जबकि रूस यूक्रेन युद्ध में व्यस्त था। इसी दौरान विद्रोही गुटों ने तेजी से बढ़त बनाई और आखिरकार दमिश्क पर कब्जा कर लिया।
नई सरकार ने शुरू की पुराने शासन के अपराधों की जांच-
असद सरकार के पतन के बाद अहमद अल-शरा के नेतृत्व में नई सरकार बनी। नई सरकार ने पूर्व शासन के दौरान हुई हत्याओं, यातना और अन्य अत्याचारों के मामलों की जांच शुरू की। इसी प्रक्रिया के तहत बशर अल-असद, माहेर अल-असद और अतीफ नजीब के खिलाफ मुकदमा चला और अब मौत की सजा का फैसला सुनाया गया है।
यह भी पढ़े- माता-पिता के सामने 21 माह की मासूम की मौत, कफन में लिपटा शव गोद में लेकर लौटे पिता








