Bengal Election Results: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की मतगणना के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का एक पुराना बयान एक बार फिर चर्चा में आ गया है। इस बयान में उन्होंने बिहार में भाजपा की जीत को बंगाल में संभावित जीत का संकेत बताया था। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद जश्न के दौरान पीएम मोदी ने कहा था, गंगा जी बिहार से बंगाल तक बहती है। बिहार की जीत ने पश्चिम बंगाल में विजय का रास्ता खोल दिया है। अब जबकि शुरुआती रुझान पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन की ओर इशारा कर रहे हैं, प्रधानमंत्री का यह बयान राजनीतिक हलकों में तेजी से वायरल हो रहा है।
पीएम मोदी की व्यापक जनसभाएं
भाजपा का हाई-एनर्जी चुनाव अभियान, जिसमें पीएम मोदी की व्यापक जनसभाएं और संपर्क अभियान शामिल रहे, उसका असर साफ तौर पर नजर आ रहा है। अगर ये रुझान नतीजों में बदलते हैं, तो यह स्वतंत्रता के बाद पहली बार होगा जब भाजपा पश्चिम बंगाल में सरकार बनाएगी। सोमवार को मतगणना के पहले तीन घंटों के रुझानों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस से काफी आगे नजर आई। दोपहर 12:30 बजे तक 293 में से 266 सीटों के रुझान उपलब्ध थे, जिनमें भाजपा 173 सीटों पर आगे थी, जबकि तृणमूल कांग्रेस 90 सीटों पर बढ़त बनाए हुए थी। वहीं लेफ्ट फ्रंट-एआईएसएफ एक सीट और एजेयूपी भी एक सीट पर आगे थी। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी दक्षिण कोलकाता की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर सीट पर भाजपा के सुवेंदु अधिकारी के खिलाफ बढ़त बनाए हुए हैं। वहीं अधकारी पूर्वी मिदनापुर जिले की नंदीग्राम सीट से भी आगे चल रहे हैं, जहां से वे इस बार भी चुनाव लड़ रहे हैं।
Bengal Election Results: परिणाम आने के बाद बनाए संयम
इस बीच राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार अग्रवाल ने कहा है कि जीत का जुलूस निकालने से पहले जिला मजिस्ट्रेट और जिला निर्वाचन अधिकारी से अनुमति लेना अनिवार्य होगा। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे आधिकारिक परिणाम आने के बाद संयम बनाए रखें और किसी भी तरह की हिंसा से बचें। निर्वाचन आयोग ने इस बार एहतियात के तौर पर राज्य में 700 कंपनियां केंद्रीय बलों की तैनाती अनिश्चितकाल के लिए बरकरार रखने का फैसला किया है, ताकि 2021 जैसी पोस्ट-पोल हिंसा की घटनाओं को रोका जा सके। इसके अलावा दक्षिण 24 परगना जिले की फल्टा विधानसभा सीट पर 21 मई को पुनर्मतदान होगा, जबकि इसके नतीजे 24 मई को घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़े… रुझानों में हाल बेहाल… फिर क्यों बंगाल में ममता की जीत का दावा कर रहे TMC नेता?








