Bihar News: बिहार के फल और सब्जी उत्पादक किसानों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे जल्द ही विशेष पार्सल सेवा शुरू करने जा रहा है, जिससे किसान अपने उत्पाद आसानी से दूसरे शहरों और राज्यों तक भेज सकेंगे। इस पहल से किसानों को बेहतर बाजार मिलेगा और उनकी आय बढ़ने की उम्मीद है।
Bihar News: तीन रेलवे स्टेशन होंगे शामिल-
इस योजना में रोहतास जिले के सासाराम, डेहरी-ऑन-सोन और बिक्रमगंज रेलवे स्टेशनों को शामिल किया गया है। रेलवे इन स्टेशनों से फल और सब्जियों के संभावित पार्सल यातायात का आकलन कर रहा है।
Bihar News: किसानों और व्यापारियों से जुटाई जा रही जानकारी-
रेलवे अधिकारी फल एवं सब्जी उत्पादकों और व्यापारियों से संपर्क कर उनकी परिवहन संबंधी जरूरतों की जानकारी ले रहे हैं। मांग के आधार पर पार्सल सेवा की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
अभी ट्रकों से होती है सप्लाई-
फिलहाल जिले से टमाटर, लौकी, बैंगन समेत अन्य हरी सब्जियां बड़े पैमाने पर ट्रकों के जरिए दूसरे राज्यों में भेजी जाती हैं। रेलवे का मानना है कि पार्सल सेवा सड़क परिवहन की तुलना में अधिक तेज, सुरक्षित, किफायती और पर्यावरण-अनुकूल विकल्प साबित होगी।
माल गोदाम की होगी सुविधा-
रेलवे ने सासाराम और पहलेजा में माल गोदाम तैयार कर लिए हैं। यहां फल और सब्जियों के भंडारण की व्यवस्था की जाएगी, ताकि पार्सल परिवहन सुचारु रूप से किया जा सके।
मांग के अनुसार शुरू होगी सेवा-
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, किसानों और व्यापारियों से प्राप्त सुझावों व मांग का आकलन करने के बाद उपलब्ध संसाधनों और परिचालन की व्यवहार्यता के आधार पर विशेष पार्सल सेवा शुरू की जाएगी। इससे किसानों को अपने उत्पाद बेहतर कीमत पर बेचने का अवसर मिलेगा।
यह भी पढ़े- UCC बिल पास, पेपर लीक पर हंगामा; CM चैंबर के बाहर धरने पर बैठे कांग्रेस विधायक








