Brij Bhushan: महिला पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व सांसद बृज भूषण शरण सिंह को बड़ी राहत मिली है। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने आज सोमवार को इस मामले में बृज भूषण शरण सिंह और सह-आरोपी विनोद तोमर को बरी कर दिया। फैसले के बाद बृज भूषण शरण सिंह ने कोर्ट के निर्णय का स्वागत करते हुए कहा कि उन्हें शुरू से ही न्याय व्यवस्था पर भरोसा था।
कोर्ट के फैसले के बाद क्या बोले बृज भूषण?
कोर्ट से बरी होने के बाद बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि जब जनवरी 2023 में उनके खिलाफ आरोप लगाए गए थे, तभी उन्होंने दावा किया था कि यदि उनके खिलाफ कोई आरोप साबित हुआ तो वह स्वयं फांसी पर चढ़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि 18 जनवरी 2023 को मैंने कहा था कि यह एक षड्यंत्र है। अगर मेरे ऊपर कोई आरोप सही पाया जाएगा तो मैं स्वयं फांसी पर लटक जाऊंगा। लगभग तीन साल बाद अदालत ने मुझे और विनोद तोमर को बरी कर दिया है। उस समय जंतर-मंतर पर उनके खिलाफ प्रदर्शन हुए और उन्हें फांसी देने तथा जिंदा जलाने जैसी मांगें भी उठाई गई थीं।
Brij Bhushan: मुझे हमेशा न्याय मिलने का विश्वास था
बृज भूषण शरण सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में लंबे समय तक संघर्ष किया है और हमेशा कमजोर तथा पीड़ित लोगों के पक्ष में खड़े रहे हैं। मुझे अपने ऊपर पूरा विश्वास था। मैंने खुद को कभी अपराधी नहीं माना। मुझे भरोसा था कि अदालत से न्याय मिलेगा और आज वही हुआ है। फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि अदालत के निर्णय ने उनकी बात को सही साबित किया है और यह उनके साथ-साथ उनके समर्थकों के लिए भी खुशी का अवसर है। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया समाप्त करते हुए कहा कि होइहि सोइ जो राम रचि राखा।
बेटे करण भूषण सिंह ने भी जताई खुशी
कोर्ट के फैसले पर बृज भूषण शरण सिंह के बेटे और भाजपा सांसद करण भूषण सिंह ने भी खुशी व्यक्त की। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह अदालत के फैसले का सम्मान करते हैं। करण भूषण सिंह ने कहा कि मैं कोर्ट का धन्यवाद करता हूं। यह सच्चाई की जीत है। आज हम मजबूती से देश के सामने खड़े हैं। उस समय जो राजनीतिक दल मेरे पिता के खिलाफ बोल रहे थे, क्या वे अब स्वीकार करेंगे कि उनके साथ गलत हुआ था?
Brij Bhushan: क्या है पूरा मामला?
महिला पहलवानों द्वारा लगाए गए कथित यौन उत्पीड़न के आरोपों के बाद वर्ष 2023 में बृज भूषण शरण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इस मामले को लेकर जंतर-मंतर पर लंबे समय तक प्रदर्शन भी हुए थे। आरोपों के बीच भाजपा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बृज भूषण शरण सिंह को टिकट नहीं दिया था। उनकी जगह पार्टी ने उनके बेटे करण भूषण सिंह को कैसरगंज लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया था, जिन्होंने चुनाव में जीत दर्ज की थी। अब दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट के फैसले के बाद इस बहुचर्चित मामले में बृज भूषण शरण सिंह और विनोद तोमर को राहत मिल गई है।
ये भी पढ़े… महिला पहलवान यौन शोषण केस में बृजभूषण सिंह को राहत: दिल्ली कोर्ट ने किया बरी, बोले- यह साजिश रची गई थी








