Breaking News
Home » Trending » बृजभूषण के बरी होने पर विपक्ष का हमला, बोला- ‘सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर’

बृजभूषण के बरी होने पर विपक्ष का हमला, बोला- ‘सरकार की कथनी और करनी में बड़ा अंतर’

Brij Bhushan Latest News: महिला पहलवानों की ओर से दर्ज यौन उत्पीड़न मामले में राउज एवेन्यू कोर्ट द्वारा भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह को बरी किए जाने के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। विपक्षी नेताओं ने सरकार पर निशाना साधा, जबकि भाजपा नेताओं ने फैसले को “सच और न्याय की जीत” बताया।

प्रियंका गांधी ने सरकार को घेरा

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि सरकार एक ओर महिला सशक्तीकरण और महिला आरक्षण की बात करती है, लेकिन ऐसे मामलों में जो संदेश जाता है, वह चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सरकार की कथनी और करनी में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है।

Brij Bhushan Latest News: शशि थरूर बोले- न्याय होता हुआ भी दिखना चाहिए

कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने अदालत के फैसले पर सीधी टिप्पणी से बचते हुए कहा कि न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि फैसले के खिलाफ अपील होती है तो आगे की कानूनी प्रक्रिया का इंतजार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि “न्याय केवल होना ही नहीं चाहिए, बल्कि होता हुआ भी दिखाई देना चाहिए।”

महुआ माजी ने जताई चिंता

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) की सांसद महुआ माजी ने कहा कि वह न्यायपालिका का सम्मान करती हैं, लेकिन इस फैसले से महिला खिलाड़ियों और समाज के एक वर्ग में निराशा है। उन्होंने कहा कि जिन महिला पहलवानों ने लंबे समय तक आंदोलन किया, उनकी भावनाओं और मामले की जांच को लेकर लोगों के मन में कई सवाल बने हुए हैं।

Brij Bhushan Latest News: भाजपा ने फैसले का किया स्वागत

भाजपा सांसद और बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह ने अदालत के फैसले को न्याय और सत्य की जीत बताया। उन्होंने कहा कि उनके परिवार के साथ अन्याय हुआ था और अब सच सामने आ गया है। उन्होंने कठिन समय में साथ देने वाले लोगों का आभार भी जताया।

वहीं भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि भारतीय न्यायपालिका निष्पक्ष है और उसके फैसलों का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने बृजभूषण शरण सिंह के पक्ष में बोलते हुए कहा कि वे हमेशा महिलाओं के सम्मान की बात करते रहे हैं।

WFI अध्यक्ष ने बताया राजनीतिक मामला

रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के अध्यक्ष संजय सिंह ‘बबलू’ ने आरोप लगाया कि बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ लगाए गए आरोप राजनीतिक उद्देश्य से लगाए गए थे। उन्होंने कहा कि अदालत के फैसले ने साबित कर दिया कि आरोपों में दम नहीं था।

Brij Bhushan Latest News: राजनीतिक बहस तेज

अदालत के फैसले के बाद मामला कानूनी दायरे से निकलकर राजनीतिक बहस का विषय बन गया है। एक ओर विपक्ष महिला खिलाड़ियों के संघर्ष और सरकार की भूमिका पर सवाल उठा रहा है, तो दूसरी ओर भाजपा इसे न्यायपालिका के फैसले और बृजभूषण शरण सिंह की बेगुनाही की पुष्टि बता रही है।

ये भी पढ़े… उपचुनाव रिजल्ट LIVE: दो सीटों पर BJP लगातार पीछे, मंजलपुर में बीजेपी की बढ़त कायम