Chemsex Side Effects: नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने Chemsex के बढ़ते चलन को लेकर पब्लिक एडवाइजरी जारी की है। एजेंसी ने माता-पिता, शिक्षकों और युवाओं से सतर्क रहने की अपील की है। NCB के अनुसार, यह ट्रेंड तेजी से युवाओं के बीच फैल रहा है और इसके कारण नशे की लत, मानसिक समस्याएं तथा शारीरिक स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। VNA हॉस्पिटल, दिल्ली के सीनियर कंसल्टेंट (यूरोलॉजी एवं एंड्रोलॉजी) डॉ. विनीत मल्होत्रा के मुताबिक, Chemsex में इस्तेमाल होने वाले ड्रग्स सीधे दिमाग पर असर डालते हैं, जिससे व्यक्ति की निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होती है। इससे ओवरडोज, दुर्घटना, असुरक्षित यौन संबंध और मृत्यु तक का खतरा बढ़ सकता है।
Chemsex Side Effects: Chemsex क्या है-
केमसेक्स ऐसी स्थिति है, जिसमें यौन गतिविधियों के दौरान या उससे पहले नशीले पदार्थों का इस्तेमाल किया जाता है। विशेषज्ञों के अनुसार, यह आदत धीरे-धीरे गंभीर लत का रूप ले सकती है और कई स्वास्थ्य संबंधी जोखिम पैदा कर सकती है।
Chemsex Side Effects: Chemsex में किन ड्रग्स का इस्तेमाल होता है-
NCB और विशेषज्ञों के अनुसार, Chemsex में मुख्य रूप से इन ड्रग्स का इस्तेमाल किया जाता है:
क्रिस्टल मेथामफेटामाइन (Crystal Methamphetamine)
गामा हाइड्रॉक्सीब्यूटिरेट (GHB)
गामा ब्यूटिरोलैक्टोन (GBL)
मेफेड्रोन (Mephedrone)
अन्य सिंथेटिक स्टिमुलेंट्स और नशीले पदार्थ
ड्रग्स के इस्तेमाल से क्या हो सकते हैं खतरे-
विशेषज्ञों का कहना है कि बार-बार ड्रग्स लेने से व्यक्ति इसकी लत का शिकार हो सकता है। कई बार ज्यादा असर के लिए एक से अधिक ड्रग्स लेने से ओवरडोज का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
ये लक्षण दिखें तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें-
आंखों की पुतलियों का असामान्य रूप से बड़ा होना
आंखों का लाल होना
अत्यधिक बेचैनी
बिना वजह गुस्सा आना
भ्रम की स्थिति
हाथ कांपना
लंबे समय तक नींद न आना
खाने और सोने की आदतों में अचानक बदलाव
स्टडी में क्या सामने आया-
Current Neuropharmacology में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, Chemsex किसी एक समुदाय तक सीमित नहीं है और इसे सार्वजनिक स्वास्थ्य की गंभीर समस्या माना जा रहा है। इसके कारण HIV, हेपेटाइटिस-सी, अन्य यौन संचारित संक्रमण (STI), चोट और असुरक्षित यौन संबंधों का खतरा बढ़ सकता है।
ओवरडोज के क्या हो सकते हैं परिणाम-
विशेषज्ञों के अनुसार, एक साथ कई ड्रग्स लेने (Polydrug Use) से शरीर पर गंभीर असर पड़ सकता है। GHB और GBL जैसी ड्रग्स के ओवरडोज से:
सांस लेने में दिक्कत
अचानक बेहोशी
हार्ट बीट असामान्य होना
ब्लड प्रेशर में तेज उतार-चढ़ाव
कोमा
मृत्यु तक का खतरा
मेंटल हेल्थ पर भी पड़ता है असर-
लगातार ड्रग्स के सेवन से:
एंग्जायटी
डिप्रेशन
पैनिक अटैक
भ्रम
चिड़चिड़ापन
आत्महत्या के विचार जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डॉक्टर की सलाह-
डॉ. विनीत मल्होत्रा का कहना है कि यौन जीवन को बेहतर बनाने के लिए किसी भी प्रकार के नशीले पदार्थ का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। यदि किसी को नशे या यौन संचारित संक्रमण से जुड़ी समस्या हो, तो सामाजिक शर्म या डर की वजह से इलाज टालने के बजाय जल्द से जल्द विशेषज्ञ से संपर्क करना चाहिए।
यह भी पढ़े- 30 साल बाद टूटा बीजेपी का बांकीपुर किला, प्रशांत किशोर की ऐतिहासिक जीत के पीछे रहे ये 6 बड़े कारण








