Yogi Sports Initiative: उत्तर प्रदेश सरकार राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए बड़े स्तर पर काम कर रही है। सरकार का लक्ष्य गांव से लेकर विद्यालयों तक खेलों को बढ़ावा देना और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में प्रत्येक जिले में ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना और प्रत्येक तहसील में मिनी स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। बेसिक शिक्षा विभाग के ‘खेलें भी, खिलें भी’ अभियान के तहत परिषदीय विद्यालयों में स्पोर्ट्स क्लब बनाए जा रहे हैं। हाल ही में लखनऊ समेत प्रदेश के 1,565 पीएमश्री विद्यालयों को खेल सामग्री खरीदने के लिए 7.82 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। प्रत्येक विद्यालय को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे, जिनसे क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, टेबल टेनिस, कैरम और शतरंज जैसी खेल सामग्री खरीदी जाएगी।
Yogi Sports Initiative: स्कूलों में खेलों पर विशेष जोर-
माध्यमिक शिक्षा विभाग ‘स्पोर्ट्स फॉर स्कूल’ कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को खेल और शारीरिक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दे रहा है। इसके तहत प्रशिक्षकों की उपलब्धता, नियमित प्रशिक्षण, खेल सुविधाओं का विस्तार, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति और बालिकाओं की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
Yogi Sports Initiative: स्पोर्ट्स कॉलेजों में अनुभवी खिलाड़ियों को मिलेगा मौका-
नई खेल नीति के तहत अब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के अनुभवी खिलाड़ी सीधे स्पोर्ट्स कॉलेजों में प्रशिक्षक बन सकेंगे। साथ ही भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की तर्ज पर उत्तर प्रदेश राज्य खेल प्राधिकरण का गठन किया गया है। राज्य में चरणबद्ध तरीके से पांच हाई-परफॉर्मेंस सेंटर और पीपीपी मॉडल पर 14 सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित किए जा रहे हैं, जहां आधुनिक तकनीक और विशेषज्ञ कोचिंग की सुविधा मिलेगी।
केडी सिंह बाबू और चौक स्टेडियम का होगा कायाकल्प-
खेल सचिव एलवाई सुहास के अनुसार, लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल के नवीनीकरण के लिए 1.85 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। वहीं चौक स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल, बास्केटबॉल कोर्ट और जिम सुविधाओं के विकास के लिए 6 करोड़ रुपये की परियोजना चलाई जा रही है, जिसमें से 3 करोड़ रुपये जारी किए जा चुके हैं।
50 से अधिक तहसीलों में तैयार हो चुके हैं मिनी स्टेडियम-
खेल मंत्री ने बताया कि मेरठ स्थित मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में नए शैक्षणिक सत्र से प्रवेश शुरू हो चुका है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में ‘एक जनपद-एक खेल’ योजना लागू है। इसके अलावा विकासखंड स्तर पर 3 से 5 एकड़ भूमि में मिनी स्टेडियम बनाए जा रहे हैं। अब तक 50 से अधिक मिनी स्टेडियम तैयार हो चुके हैं, जबकि बाकी पर निर्माण कार्य जारी है। साथ ही युवा कल्याण विभाग ग्राम पंचायत स्तर पर भी खेल मैदान विकसित कर रहा है।
यह भी पढ़े- वायु प्रदूषण को कम करने के लिए NCR ने जारी की “NO PUCC, NO FUEL” नीति








