SC Amendment Bill: लोकसभा ने सोमवार को सुप्रीम कोर्ट संशोधन बिल 2026 को बिना किसी बहस के ध्वनिमत से पारित कर दिया। इस विधेयक के लागू होने के बाद भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सहित सुप्रीम कोर्ट में जजों की कुल संख्या 34 से बढ़कर 38 हो जाएगी। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने दोपहर 2 बजे सदन में यह विधेयक पेश किया। हालांकि विपक्ष के हंगामे के कारण इस पर चर्चा नहीं हो सकी और इसे शोर-शराबे के बीच ही मंजूरी दे दी गई।
SC Amendment Bill: हंगामे के बीच कैसे पास हुआ बिल-
सदन की कार्यवाही के दौरान विपक्षी सांसद राम मंदिर के चढ़ावे से जुड़े मुद्दे और छात्रों पर पुलिस कार्रवाई को लेकर लगातार नारेबाजी करते रहे। पीठासीन सभापति ने कई बार सांसदों से अपनी सीटों पर लौटकर चर्चा में भाग लेने की अपील की, लेकिन हंगामा जारी रहा। इसके बाद विधेयक को बिना चर्चा के ही ध्वनिमत से पारित कर दिया गया।
SC Amendment Bill: सरकार ने क्यों बढ़ाई जजों की संख्या-
सरकार का कहना है कि सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों की संख्या लगातार बढ़ रही है। ऐसे में जजों की संख्या बढ़ने से मामलों की सुनवाई तेज होगी और न्याय प्रक्रिया अधिक प्रभावी बन सकेगी। कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने बताया कि सरकार इस संबंध में मई 2026 में अध्यादेश लेकर आई थी। उसी अध्यादेश के आधार पर शीर्ष अदालत में पांच नए जजों की नियुक्ति भी की जा चुकी है। अब इस विधेयक के पारित होने से उस अध्यादेश को स्थायी कानूनी मान्यता मिल गई।
यह भी पढ़े- गुजरात के मांजलपुर में बीजेपी की बड़ी जीत, सतेंद्रभाई पटेल ने कांग्रेस को 30,630 वोटों से हराया








