CJP Protest: जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के विरोध प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने के मामले में सामने आई नाबालिग लड़की की माँ ने मीडिया से बातचीत करते हुए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने बच्चों को माफ कर बड़ा दिल दिखाया है। अब उनकी बेटी को भी एक बेहतर भविष्य का अवसर मिलना चाहिए।
बेटी को गोद लेने की भावुक अपील
मीडिया से बातचीत के दौरान महिला ने भावुक अपील करते हुए कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के कई गाँवों को गोद लेकर उनके विकास के लिए काम करते हैं, उसी तरह उनकी बेटी को भी अपनाने पर विचार करें, ताकि उसे परिवार जैसा स्नेह और बेहतर भविष्य मिल सके। महिला ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने मेरी बेटी को माफ कर उसे नया जीवन दिया है। आप देश के गाँव-गाँव को गोद ले रहे हैं, मेरी इस बच्ची को भी गोद ले लीजिए। हमसे गलती हुई है और हम इसके लिए माफी माँग रहे हैं। हमें अपनी गलती का अहसास है।
CJP Protest: माफी किसी नए जन्म से कम नहीं
लड़की की माँ ने बताया कि जिस दिन यह मामला सामने आया, उसी दिन उनकी बेटी का जन्मदिन था। उनके अनुसार, प्रधानमंत्री की ओर से मिली माफी उनकी बेटी के लिए नए जीवन की शुरुआत जैसी है। उन्होंने कहा कि आज मेरी बेटी का जन्मदिन है। प्रधानमंत्री जी ने उसे माफ कर अपनी महानता दिखाई है। यह उसके लिए नए जन्म जैसा है। मैं हाथ जोड़कर उनका धन्यवाद करती हूँ।
महिला ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी नाबालिग है, लेकिन FIR में उसकी उम्र गलत दर्ज की गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर FIR निरस्त कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि मेरी बेटी नाबालिग है, लेकिन FIR में उसकी गलत उम्र दर्ज की गई है। हमारे घर लगातार पुलिस आ रही है। हम अपनी गलती स्वीकार कर चुके हैं और माफी भी माँग रहे हैं। मेरी प्रधानमंत्री जी से अपील है कि इस मामले में दर्ज FIR को रद्द कराया जाए।
प्रधानमंत्री ने बच्चों को माफ करने की कही थी बात
इस पूरे मामले पर इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक वीडियो संदेश में कहा था कि बेटियों द्वारा इस तरह की भाषा का इस्तेमाल चिंता का विषय है, लेकिन ऐसे गुमराह बच्चों को माफ कर उन्हें सही रास्ता दिखाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा था कि समाज में नाराजगी स्वाभाविक हो सकती है, लेकिन बच्चों को अपनाकर सही दिशा देना अधिक जरूरी है। जबकि प्रधानमंत्री के बयान के बाद संबंधित नाबालिग लड़की ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर देश से माफी माँगी थी उसने कहा कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थी, जहाँ प्रदर्शन के दौरान मौजूद लोगों की बातों में आकर उसने भी प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर दिया। लड़की ने वीडियो में कहा कि मैं सिर्फ 15 साल की हूँ। मैंने जो कहा, वह बिल्कुल गलत था। मुझे अपनी गलती का एहसास है। यह मेरी पहली और आखिरी गलती होगी। मैं पूरे देश से माफी माँगती हूँ और भविष्य में ऐसा कभी नहीं करूँगी।
ये भी पढ़े… खुद पर हुए हमले को लेकर बोले पप्पू यादव- ‘लोग नहीं होते तो अनहोनी हो जाती, अतीक अहमद पार्ट-2 करने वाले थे’








