Home » उत्तर प्रदेश » महाशिवरात्रि पर सीएम योगी का करुणामय रूप, मोर-गायों को खिलाया गुड़-रोटी, बच्चों को लगाया गले

महाशिवरात्रि पर सीएम योगी का करुणामय रूप, मोर-गायों को खिलाया गुड़-रोटी, बच्चों को लगाया गले

CM YOGI: महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का जनसेवा संकल्प पूरी मजबूती के साथ दिखाई दिया। गोरखपुर प्रवास के दौरान लगातार दूसरे दिन उन्होंने गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन कर आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

जनता दर्शन में 150 से अधिक लोगों की सुनी समस्याएं

रविवार सुबह महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के बाहर आयोजित जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने करीब 150 फरियादियों से मुलाकात की। वे स्वयं कुर्सियों पर बैठे लोगों तक पहुंचे और एक-एक कर सभी की समस्याएं सुनीं। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया कि किसी को भी चिंता करने की जरूरत नहीं है और हर समस्या का निष्पक्ष व समयबद्ध समाधान किया जाएगा।

CM YOGI: इलाज के लिए धन की कमी नहीं बनेगी बाधा

जनता दर्शन में इलाज के लिए आर्थिक सहायता मांगने पहुंचे लोगों को मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि धन की कमी किसी के उपचार में आड़े नहीं आएगी। उन्होंने अधिकारियों को अस्पताल के इस्टीमेट जल्द बनवाकर शासन को भेजने के निर्देश दिए और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से सहायता उपलब्ध कराने की बात कही। साथ ही पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने के निर्देश भी दिए।

गोसेवा और करुणा का भाव

महाशिवरात्रि के दिन मुख्यमंत्री का गोसेवक स्वरूप भी देखने को मिला। मंदिर की गोशाला में पहुंचकर उन्होंने गायों और गोवंश को अपने हाथों से रोटी और गुड़ खिलाया। एक बछड़े को नाम लेकर पुकारने पर वह दौड़ता हुआ उनके पास आ गया, जिसे मुख्यमंत्री ने स्नेहपूर्वक दुलारा।

CM YOGI: मोर को भी खिलाया प्रेम

गोरखनाथ मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री के आसपास अक्सर आने वाला मोर भी इस दौरान नजर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मोर को भी अपने हाथों से रोटी के टुकड़े खिलाकर स्नेह प्रकट किया।

बच्चों पर लुटाया स्नेह, चॉकलेट भी दी

मंदिर परिसर भ्रमण के दौरान मुख्यमंत्री की नजर श्रद्धालुओं के साथ आए बच्चों पर पड़ी। उन्होंने बच्चों को पास बुलाया, उनसे नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा, हंसी-मजाक किया और चॉकलेट भेंट की। इस दौरान उन्होंने एक बच्चे को गोद में लेकर अन्नप्राशन संस्कार भी कराया।

श्रद्धा, सेवा और संवेदना का संगम

महाशिवरात्रि के दिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह रूप श्रद्धा, सेवा और संवेदना का जीवंत उदाहरण बन गया, जहां एक ओर भगवान शिव की आराधना थी, वहीं दूसरी ओर जनता, गोवंश और बच्चों के प्रति अपार स्नेह झलकता नजर आया।

ये भी पढ़े… रूस से तेल खरीद पर अमेरिका को भारत का दो टूक जवाब, जयशंकर बोले– फैसले हम खुद करेंगे