Coaching Institutes Sealed : लखनऊ में कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक अग्निकांड के बाद कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने शहर के प्रमुख कोचिंग हब काकादेव में बड़े स्तर पर कार्रवाई शुरू कर दी है। सुरक्षा मानकों और भवन नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ सोमवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान फिजिक्स वाला समेत 22 कोचिंग संस्थानों को सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान कई संस्थानों को खाली कराकर उन पर सील लगा दी गई। केडीए की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अभियान को अलग-अलग जोन में चलाया गया।

जोन-1 में तीन, जोन-2बी में पांच, जोन-3 में तीन और जोन-4 में पांच संस्थानों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। अधिकारियों का कहना है कि यह केवल प्रथम चरण की कार्रवाई है और आगे भी नियमों की अनदेखी करने वाले संस्थानों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Coaching Institutes Sealed
अभियान के दौरान जिन संस्थानों पर कार्रवाई हुई, उनमें फिजिक्स वाला, वर्कस्पेस, महेंद्रा और केमिस्ट्री वाले संजीव राठौर जैसे चर्चित नाम भी शामिल हैं। अधिकारियों ने पहले संस्थानों को खाली कराया और फिर नियमानुसार सीलिंग की प्रक्रिया पूरी की। केडीए का कहना है कि सुरक्षा मानकों का पालन सभी संस्थानों के लिए अनिवार्य है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
लखनऊ हादसे के बाद बढ़ी सतर्कता
लखनऊ में हाल ही में हुए कोचिंग अग्निकांड ने सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इसी के मद्देनजर प्रदेश के विभिन्न शहरों में कोचिंग संस्थानों की जांच शुरू की गई है। कानपुर में भी भवन मानक, अग्निशमन व्यवस्था और अन्य आवश्यक अनुमतियों की पड़ताल की जा रही है ताकि भविष्य में किसी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके।
स्थानीय लोगों ने उठाए सवाल
हालांकि, इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल भी उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि शहर में लंबे समय से बड़ी संख्या में कोचिंग संस्थान बिना पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक अनुमतियों के संचालित हो रहे हैं। इसके बावजूद, नियमित निरीक्षण और कार्रवाई नहीं होती। आमतौर पर किसी बड़ी घटना के बाद ही प्रशासन सक्रिय दिखाई देता है। केडीए अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान अभी समाप्त नहीं हुआ है। आने वाले दिनों में अन्य संस्थानों की भी जांच की जाएगी और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Read More : JD Vance के ‘Pakistan Love’ बयान पर उठे सवाल, रिपब्लिकन बोले- “मत भूलिए इतिहास”







