Datia By-Election 2026: दतिया उपचुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार घनश्याम सिंह का नाम अचानक तय नहीं हुआ। पार्टी पिछले तीन महीने से संगठन, ब्लॉक और बूथ स्तर पर चुनाव की तैयारी में जुटी थी। कांग्रेस नेताओं के अनुसार, टिकट चयन की पूरी रणनीति पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की भूमिका के साथ पहले ही तैयार कर ली गई थी।
Datia By-Election 2026: दो दावेदार पहुंचे, सहमति से तय हुआ घनश्याम सिंह का नाम-
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने बताया कि टिकट के दो प्रमुख दावेदार घनश्याम सिंह और अवधेश नायक उनके पास पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने कहा कि पार्टी किसी एक को भी उम्मीदवार बनाए, वे सगे भाइयों की तरह मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इसके बाद सर्वे, कार्यकर्ताओं की राय और वरिष्ठ नेताओं की सहमति के आधार पर घनश्याम सिंह के नाम पर अंतिम मुहर लगी।
Datia By-Election 2026: ‘500 प्रतिशत’ जीत का दावा-
दैनिक भास्कर से बातचीत में जीतू पटवारी ने दावा किया कि कांग्रेस दतिया उपचुनाव “500 प्रतिशत” जीतेगी। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता पहले भी कांग्रेस को जनादेश दे चुकी है और इस बार भी पार्टी को पूरा समर्थन मिलेगा।
सत्ता के दुरुपयोग का लगाया आरोप-
पटवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने पहले भी लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का दुरुपयोग किया है। उन्होंने राज्यसभा चुनाव, विजयपुर उपचुनाव और मीनाक्षी नटराजन के नामांकन का जिक्र करते हुए कहा कि जनता सब देख रही है और इसका जवाब चुनाव में देगी।
‘घनश्याम सिंह सबकी पहली पसंद थे’-
पटवारी ने कहा कि घनश्याम सिंह विनम्र स्वभाव के नेता हैं और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं तथा टिकट के अन्य दावेदारों की भी पहली पसंद थे। इसी वजह से उन्हें सर्वसम्मति से उम्मीदवार बनाया गया।
संविधान और कांग्रेस के साथ रहने वालों का मिलेगा समर्थन-
अनुसूचित जाति वर्ग के वोटों और अन्य दलों की भूमिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में पटवारी ने कहा कि सभी को चुनाव लड़ने का अधिकार है, लेकिन जो संविधान, कांग्रेस और देश से प्यार करते हैं, वे कांग्रेस के साथ रहेंगे। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी के नेताओं से भी बातचीत हुई है और सहयोगी दल कांग्रेस का समर्थन करेंगे।
उमंग सिंघार बोले- तीन महीने से चल रही थी तैयारी-
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि कांग्रेस को पहले से उपचुनाव की संभावना थी। इसी वजह से पिछले दो-तीन महीनों से संगठन और बूथ स्तर पर लगातार काम किया गया। उन्होंने कहा कि सर्वे, कार्यकर्ताओं की राय और सभी नेताओं की सहमति से घनश्याम सिंह को उम्मीदवार बनाया गया।
भाजपा और नरोत्तम मिश्रा पर साधा निशाना-
उमंग सिंघार ने भाजपा और पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा कि अब भाजपा को अपने संगठन की चिंता करनी चाहिए और दतिया की जनता कांग्रेस के साथ खड़ी है।
यह भी पढ़े- इंडी गठबंधन में बढ़ी दरार, विजय की TVK के साथ हाथ मिलाने से DMK का इनकार








