Datia Election 2026: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा की जगह आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है। पार्टी ने यह फैसला दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा पूर्व कांग्रेस विधायक राजेंद्र भारती की सजा पर रोक लगाने से इनकार किए जाने के बाद उम्मीदवारों की सूची जारी करते हुए लिया।
टिकट की तैयारी में जुटे थे नरोत्तम मिश्रा
उपचुनाव की घोषणा के बाद से ही डॉ. नरोत्तम मिश्रा लगातार चुनावी तैयारियों में लगे हुए थे। उन्होंने कई जनसभाएं कीं और जनता से अपनी पिछली गलतियों के लिए माफी भी मांगी। बुधवार को उन्होंने नामांकन पत्र भी खरीद लिया था और शुक्रवार को नामांकन दाखिल करने की चर्चा थी। अब तक कुल 13 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र खरीदे हैं, जिनमें से चार अपना नामांकन दाखिल कर चुके हैं।
Datia Election 2026: कौन हैं आशुतोष तिवारी?
आशुतोष तिवारी भाजपा के वरिष्ठ संगठनात्मक नेताओं में शामिल रहे हैं। वे पार्टी के संभागीय संगठन मंत्री रह चुके हैं और मध्य प्रदेश हाउसिंग बोर्ड के चेयरमैन के रूप में कैबिनेट मंत्री का दर्जा भी संभाल चुके हैं। वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने सेवढ़ा सीट से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने प्रदीप अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया था।
Datia Election 2026: दतिया में कार्यकर्ताओं और व्यापारियों का विरोध
आशुतोष तिवारी के नाम की घोषणा के बाद दतिया में भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के एक वर्ग ने नाराजगी जताई। व्यापारी महेश गुलवानी ने कहा कि डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने दतिया के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और पार्टी को अपने फैसले पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि टिकट नहीं बदला गया तो व्यापारी वर्ग बाजार बंद कर विरोध प्रदर्शन करेगा।
राजेंद्र भारती की सदस्यता रद्द होने के बाद उपचुनाव
दतिया सीट पर उपचुनाव कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती की सदस्यता समाप्त होने के बाद कराया जा रहा है। 27 साल पुराने एफडी हेराफेरी मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने उन्हें तीन साल की सजा सुनाई थी। बाद में दिल्ली हाईकोर्ट ने उनकी सजा पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, जिसके बाद मध्य प्रदेश विधानसभा सचिवालय ने उनकी सदस्यता रद्द कर दी।
कांग्रेस उम्मीदवार पर बनी हुई है नजर
कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान नहीं किया है। हालांकि, राजेंद्र भारती पहले ही कह चुके हैं कि पार्टी चाहे तो उनके परिवार की बजाय किसी अन्य नेता को टिकट दे सकती है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस जिस उम्मीदवार को मैदान में उतारेगी, उसके समर्थन में वे पूरी ताकत से प्रचार करेंगे।
यह भी पढे़ : भाजपा ने बदला उम्मीदवार, अभिषेक बंटी की जगह नीरज कुमार सिन्हा को मिला टिकट








