Delhi news: राजधानी दिल्ली और आसपास के इलाकों में बीते 24 घंटे के भीतर आग लगने की कई घटनाएं सामने आई हैं। ज्योति नगर से लेकर मजलिस पार्क तक आग ने लोगों में दहशत पैदा कर दी, जबकि रोहिणी और पंजाबी बाग में भी आग लगने के मामले सामने आए। राहत की बात ये रही कि इन घटनाओं में किसी की जान नहीं गई, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान जरूर हुआ है।
ज्योति नगर में टेंट गोदाम बना आग का गोला
पूर्वी दिल्ली के ज्योति नगर इलाके में शनिवार दोपहर एक टेंट गोदाम में भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और करीब 23 गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। गोदाम करीब 2 एकड़ में फैला बताया जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है और जांच जारी है।
Delhi news: मजलिस पार्क के वन क्षेत्र में भड़की आग
दिल्ली के मजलिस पार्क के जंगल वाले इलाके में भी आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दमकल की टीमें मौके पर पहुंचकर आग बुझाने में जुटीं। इससे पहले शुक्रवार को पंजाबी बाग के पास झुग्गी बस्ती में भी आग लगी थी, जिसे समय रहते काबू में कर लिया गया।
Delhi news: रोहिणी में चार मंजिला इमारत में लगी आग
रोहिणी सेक्टर-24 के एक चार मंजिला मकान में शुक्रवार रात आग लग गई। हालांकि सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दमकल की छह गाड़ियों ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट या गैस पाइपलाइन लीकेज को वजह माना जा रहा है।
गाजियाबाद की केमिकल फैक्ट्री में भी लगी आग
दिल्ली से सटे गाजियाबाद में एक केमिकल फैक्ट्री में भी शनिवार को आग लग गई। फैक्ट्री में ऑक्सीजन टैंक फिलिंग, पेंट और रेजिन का काम होता था, जिससे आग तेजी से फैलने का खतरा था। दमकल की 10 गाड़ियों ने करीब एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया।
जांच जारी, नुकसान का आकलन शुरू
Delhi news: फिलहाल सभी घटनाओं में आग पर काबू पा लिया गया है और प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक इन हादसों में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि आग लगने के असली कारणों का पता जल्द लगाया जाएगा।
ये भी पढ़ें: AAP में बड़ा सियासी भूचाल, 7 सांसदों के इस्तीफे के बाद राष्ट्रपति से मिलेंगे CM मान








