Home » महाराष्ट्र » शिवसेना स्थापना दिवस पर गरजे एकनाथ शिंदे, बोले- ‘महायुति में कोई मतभेद नहीं’

शिवसेना स्थापना दिवस पर गरजे एकनाथ शिंदे, बोले- ‘महायुति में कोई मतभेद नहीं’

Eknath shinde: शिवसेना के 60वें स्थापना दिवस के मौके पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और शिवसेना प्रमुख एकनाथ शिंदे ने मुंबई के NESCO सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में अपनी पार्टी की ताकत दिखाई। इस दौरान उन्होंने महायुति सरकार की एकजुटता का दावा किया, लाड़ली बहन योजना को लेकर बड़ा बयान दिया और उद्धव ठाकरे गुट पर जमकर हमला बोला। गौरतलब है कि शिवसेना के स्थापना दिवस पर पार्टी के दोनों गुटों ने अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए, जिससे राज्य की राजनीति एक बार फिर चर्चा में आ गई।

महायुति में सब कुछ ठीक, मतभेद की खबरें अफवाह: शिंदे

अपने संबोधन में एकनाथ शिंदे ने साफ कहा कि महायुति गठबंधन पूरी तरह मजबूत है और सरकार के भीतर किसी तरह का मतभेद नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के बीच दूरी पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोशिशें सफल नहीं होंगी। शिंदे ने कहा कि कुछ लोग इधर की बात उधर और उधर की बात इधर पहुंचाने का काम करते हैं, लेकिन उन्हें हर गतिविधि की जानकारी रहती है। उन्होंने कहा कि उनका एकमात्र लक्ष्य महाराष्ट्र का विकास है।

Eknath shinde: लाड़ली बहन योजना जारी रहेगी

उपमुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की लोकप्रिय लाड़ली बहन योजना बंद नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे भी जारी रखेगी और महिलाओं के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

स्थानीय निकाय चुनावों में जीत का दावा

निकाय चुनावों को लेकर भी शिंदे काफी आत्मविश्वास में नजर आए। उन्होंने कहा कि राज्य की 17 स्थानीय निकायों में से 6 जगहों पर उनकी पार्टी पहले ही निर्विरोध जीत हासिल कर चुकी है। बाकी 11 निकायों में भी महायुति गठबंधन शानदार प्रदर्शन करेगा।

Eknath shinde: उद्धव ठाकरे पर साधा निशाना

एकनाथ शिंदे ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर हमला बोलते हुए कहा कि जब कोई नेता बार-बार लोगों से कहे कि जिसे जाना है वह चला जाए, तो स्वाभाविक है कि लोग उसका साथ छोड़ देंगे। उन्होंने कहा कि विपक्ष को आत्ममंथन करने की जरूरत है। शिंदे ने तंज कसते हुए कहा कि आज कुछ नेताओं के साथ केवल सलाहकार और चाटुकार ही बचे हैं।

‘अहंकार किसी का नहीं टिकता’

अपने भाषण में शिंदे ने एक शेर पढ़ते हुए कहा, “तुम्हारे पांव के नीचे कोई जमीन नहीं, कमाल ये है कि फिर भी तुम्हें यकीन नहीं।” उन्होंने कहा कि राजनीति में समय के साथ फैसले बदलने पड़ते हैं, लेकिन अहंकार किसी का नहीं टिकता। रावण का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि घमंड का अंत हमेशा बुरा होता है।

Eknath shinde: राजनीतिक ऑपरेशन के लिए चाहिए ‘शेर का दिल’

विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे राजनीतिक ऑपरेशन के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए शिंदे ने कहा कि ऑपरेशन करने के लिए शेर का दिल चाहिए। उन्होंने कहा कि सिर्फ बाघ की खाल पहन लेने से कोई बाघ नहीं बन जाता।

पुरानी चुनौती का भी किया जिक्र

शिंदे ने चार साल पुरानी घटना को याद करते हुए कहा कि उन्हें मुंबई आने से रोकने और धमकाने की कोशिश की गई थी। हालांकि वह मुंबई आए और सड़क मार्ग से यात्रा कर अपने गंतव्य तक पहुंचे, जबकि धमकी देने वाले लोग घर बैठकर सब कुछ देख रहे थे।

Eknath shinde: शिवसैनिक लोकतांत्रिक तरीके से देंगे जवाब

उन्होंने कहा कि यदि कोई उनकी पार्टी को कमजोर करने की कोशिश करेगा तो शिवसैनिक उसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देंगे। शिवसेना मैदान में उतरकर संघर्ष करने वाली पार्टी है और वह हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहते हैं।

विपक्ष की हार का भी किया जिक्र

Eknath shinde: अपने संबोधन के अंत में शिंदे ने दावा किया कि हाल के कई चुनावों में विपक्ष को हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि मुंबई महानगरपालिका सहित कई क्षेत्रों में विपक्ष की पकड़ कमजोर हुई है और जनता महायुति सरकार के कामकाज पर भरोसा जता रही है। शिवसेना के स्थापना दिवस समारोह के जरिए एकनाथ शिंदे ने यह संदेश देने की कोशिश की कि महायुति गठबंधन पूरी तरह एकजुट है, उनकी पार्टी संगठनात्मक रूप से मजबूत है और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में गठबंधन बेहतर प्रदर्शन करेगा।

 

 

ये भी पढ़ें: कर्नाटक में कांग्रेस ने 7 में से 5 सीटें जीतीं, अब BJP में क्रॉस वोटिंग को लेकर मंथन