Home » Breaking News » FIFA वर्ल्ड कप में मेक्सिको की जीत के बाद बड़ा हादसा! जश्न के बीच दम घुटने से 3 फैंस की मौत

FIFA वर्ल्ड कप में मेक्सिको की जीत के बाद बड़ा हादसा! जश्न के बीच दम घुटने से 3 फैंस की मौत

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में सह-मेजबान मेक्सिको की इक्वाडोर पर 2-0 की जीत के बाद राजधानी मेक्सिको सिटी में जश्न का माहौल कुछ ही देर में मातम में बदल गया। जीत का जश्न मना रहे तीन लोगों की कथित तौर पर दम घुटने से मौत हो गई।

जश्न के दौरान हुई दर्दनाक घटना

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, डाउनटाउन स्थित प्रसिद्ध एंजेल ऑफ इंडिपेंडेंस स्मारक के पास दो महिलाएं और एक पुरुष अचेत अवस्था में मिले। उन्हें बचाने के लिए आपातकालीन टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।

FIFA World Cup 2026: मृतकों में 19 वर्षीय युवक भी शामिल

स्वास्थ्य सचिवालय ने बताया कि मृतकों की उम्र 48, 44 और 19 वर्ष थी। अधिकारियों ने फिलहाल मौत के कारणों से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है, हालांकि प्रारंभिक रिपोर्ट में दम घुटने की आशंका जताई गई है।

मेयर ने की घटना की पुष्टि

मेक्सिको सिटी की मेयर क्लारा ब्रुगाडा ने सोशल मीडिया पर घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि सूचना मिलते ही सभी मेडिकल प्रोटोकॉल अपनाए गए, लेकिन तीनों लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि सार्वजनिक आयोजनों और जीत के जश्न के दौरान जिम्मेदारी और सावधानी बरतें।

FIFA World Cup 2026: हजारों फैंस सड़कों पर उतरे थे

मेक्सिको की जीत के बाद राजधानी में हजारों फुटबॉल प्रशंसक सड़कों पर उतर आए। जोकालो से चापुल्टेपेक पार्क तक करीब पांच किलोमीटर लंबे पासेओ दे ला रिफोर्मा मार्ग पर भारी भीड़ जुटी। आतिशबाजी और उत्सव के बीच पूरा इलाका देर रात तक जश्न में डूबा रहा।

राउंड ऑफ 16 में पहुंचा मेक्सिको

इक्वाडोर को 2-0 से हराकर मेक्सिको ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में अपनी जगह पक्की कर ली है। हालांकि, इस ऐतिहासिक जीत का जश्न तीन प्रशंसकों की मौत की दुखद घटना से फीका पड़ गया।

ये भी पढ़े… Janta Darshan: ऐसे पहुंचे मुख्यमंत्री योगी के जनता दरबार, जानें पूरी प्रक्रिया और जरूरी दस्तावेज