Breaking News
Home » उत्तर प्रदेश » हरदोई में PM मोदी करेंगे गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण, जनता बोली- ‘बदलेगी यूपी की तस्वीर’

हरदोई में PM मोदी करेंगे गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण, जनता बोली- ‘बदलेगी यूपी की तस्वीर’

Ganga Expressway Inauguration
Ganga Expressway Inauguration

Ganga Expressway Inauguration: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार को उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में देश के महत्वपूर्ण इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स में से एक गंगा एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण करेंगे। इसके बाद एक जनसभा को संबोधित करेंगे। गंगा एक्सप्रेस-वे यूपी के 12 जिलों से होकर गुजरेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति देने वाला माना जा रहा है। परियोजना के तहत आधुनिक सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है।

दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय में बड़ी कमी

रास्ते में पब्लिक कन्वीनियंस सेंटर विकसित किए गए हैं, जिनमें यात्रियों के ठहरने की व्यवस्था, ट्रॉमा सेंटर और फूड कोर्ट जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अलावा सड़क पर रंबल स्ट्रिप्स भी बनाई गई हैं, जो वाहन के गुजरते ही कंपन पैदा करती हैं और ड्राइवर को सतर्क करती हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कम होगी। करीब 594 किलोमीटर लंबा गंगा एक्सप्रेस-वे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ेगा, जिससे दोनों शहरों के बीच यात्रा के समय में बड़ी कमी आएगी। अब तक मेरठ से प्रयागराज पहुंचने में 11 से 12 घंटे लगते थे, जो घटकर लगभग 6 घंटे रह जाएगा। प्रधानमंत्री इस मौके पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम को लेकर स्थानीय स्तर पर खासा उत्साह देखा जा रहा है और लोग बड़ी संख्या में पीएम को सुनने के लिए हरदोई पहुंच रहे हैं।

मुरादाबाद निवासी विवेक पटेल ने बताया कि वह प्रधानमंत्री को सुनने के लिए आए हैं और यह एक्सप्रेस-वे क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगा। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि सरकार देशहित में लगातार काम कर रही है। वहीं, मुकेश कुमार ने कहा कि हरदोई जिले के लिए यह परियोजना बेहद लाभकारी है। इससे लोगों की आवाजाही आसान होगी और कम समय में वे अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश लगातार विकास की ओर बढ़ रहा है और भविष्य में और भी बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। स्थानीय लोगों ने भी इस परियोजना को लेकर खुशी जाहिर की।

उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेस-वे से जुड़े गांवों और शहरों को आर्थिक और सामाजिक रूप से लाभ मिलेगा। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, रोजगार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। गंगा एक्सप्रेस-वे उत्तर प्रदेश के विकास को नई दिशा देने वाला एक अहम कदम माना जा रहा है, जिससे लाखों लोगों को सीधा फायदा पहुंचेगा।

ये भी पढ़े… बाराबंकी की अनोखी शादी: फेरे से पहले दूल्हे ने रखी अनोखी शर्त, पूछा- गैस नहीं मिली तो चूल्हे पर खाना बनाओगी?, दुल्हन के जवाब ने लूट ली महफिल