Ghaziabad News: नेताजी जेल से छूटे तो समर्थकों ने स्वागत में जमकर हुड़दंग काटा लेकिन गाजियाबाद में समर्थकों को यही हुड़दंग काफी भारी पड़ गया। हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी और उनके बेटे की जेल से रिहाई के दौरान उनके समर्थकों ने सड़कों पर जमकर आतिशबाजी की थी और गाड़ियों पर स्टंट दिखाए थे। अब पुलिस ने इस मामले में बड़ा एक्शन लेते हुए काफिले में शामिल 13 कारों का कुल साढ़े पांच लाख रुपए का चालान काट दिया है।
अब जानें क्या था मामला?
दरअसल, कुछ दिन पहले पिंकी चौधरी और उनके बेटे ने समर्थकों के साथ शालीमार गार्डन इलाके में खुलेआम हिन्दुओं को तलवारें बांटी थीं। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पिंकी चौधरी के 10 समर्थकों को तलवारें के साथ गिरफ्तार कर लिया था, जबकि पिंकी चौधरी और उसका बेटा फरार हो गए थे। जिन्हें बाद में साहिबाबाद पुलिस ने वजीराबाद से गिरफ्तार कर जेल भेजा था।

गुरुवार को कोर्ट से आदेश मिलने के बाद दोनों को रिहा कर दिया गया था। उन्हें लेने के लिए जेल के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ जुटी थी। रिहाई की खुशी में समर्थकों ने नियम-कानूनों को तक पर रखते हुए डासना जेल से लेकर साहिबाबाद पहुंचने तक सड़कों पर जमकर हंगामा काटा था। इसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया था। जिससे पिंकी चौधरी के समर्थक काफिले में चलती कारों से सरेआम आतिशबाजी और गाड़ियों की खिड़की पर बैठकर स्टंटबाजी करते हुए नजर आए थे।
Ghaziabad News: वीडियो फुटेज के आधार पर एक्शन
डीसीपी ट्रांस हिंडन निमिष पाटिल ने बताया कि शहर में पहले से ही बीएनएस की धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू थी, जिसका इन लोगों ने सरेआम उल्लंघन किया। उन्होंने साफ कहा कि कानून हाथ में लेने वाले को बख्शा नहीं जाएगा। वीडियो फुटेज के आधार पर उन लोगों की पहचान की जा रही है जो गाड़ियों से स्टंट कर रहे थे। उन्होंने बताया कि अभी सिर्फ चालान की कार्रवाई हुई है। पहचान होने के बाद इसमें आगे और भी सख्त कानूनी एक्शन लिया जाएगा।
Report By: विभु मिश्रा








