Spain News : पंजाब पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) की ओर से साझा किए गए इनपुट के आधार पर स्पेन की सुरक्षा एजेंसियों ने कुख्यात गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों को मैड्रिड से गिरफ्तार कर लिया है। गोल्डी ढिल्लों पर भारत से लेकर कनाडा तक कई आपराधिक वारदातों में शामिल होने के आरोप हैं। उस पर कुल 15 लाख रुपये का इनाम घोषित है, जिसमें 10 लाख रुपये NIA और 5 लाख रुपये पंजाब पुलिस की ओर से रखे गए हैं। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद भारतीय एजेंसियों की नजर उसे जल्द से जल्द भारत लाने पर है, ताकि लंबित मामलों में उससे पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा सके।

सूत्रों के मुताबिक, अब भारतीय एजेंसियां गोल्डी ढिल्लों को प्रत्यर्पण के जरिए भारत लाने की प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं। यदि कानूनी प्रक्रिया पूरी हो जाती है, तो उससे पंजाब समेत कई राज्यों में हुई गैंगवार, हत्या और संगठित अपराध से जुड़े मामलों में पूछताछ की जाएगी। जांच एजेंसियों का मानना है कि उससे कई अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
Spain में पकड़ा गया ढिल्लों
भारत और स्पेन के बीच प्रत्यर्पण संधि पहले से लागू है। इस समझौते पर वर्ष 2002 में मैड्रिड में हस्ताक्षर किए गए थे और 2003 से यह प्रभावी हो गया। इस संधि का उद्देश्य आतंकवाद, संगठित अपराध और गंभीर अपराधों में शामिल भगोड़े आरोपियों को कानूनी प्रक्रिया के तहत संबंधित देश को सौंपना है। जांच एजेंसियों के अनुसार, गोल्डी ढिल्लों का नाम कनाडा में हुई कई फायरिंग की घटनाओं में सामने आया है। इसके अलावा पंजाब में भी वह कई संगठित अपराधों का आरोपी है। पंजाब पुलिस लंबे समय से विदेश में उसकी तलाश कर रही थी और आखिरकार वह स्पेन के मैड्रिड में गिरफ्तार कर लिया गया।
भारत लाने की तैयारी तेज
गोल्डी ढिल्लों पहले गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के गिरोह से जुड़ा हुआ था, लेकिन बाद में दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद वह लॉरेंस बिश्नोई का विरोधी बन गया। जांच एजेंसियों का कहना है कि दोनों गैंगों के बीच दुश्मनी के बाद कई आपराधिक घटनाओं में गोल्डी का नाम सामने आया। गोल्डी ढिल्लों पर हाल ही में 13 जून को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित श्री कुमार मेडिकल हॉल के कैशियर जानकी दास की गोली मारकर हत्या करवाने का भी आरोप है। इसी समेत कई गंभीर मामलों में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
Read More : Mandi Accident: सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टैंकर ने मारी टक्कर, CCTV में कैद हुआ दर्दनाक हादसा
Written By : Kanishka








