Home » हरियाण » गुरुग्राम में पकड़ी गई ‘चालान वाली बाइक’, 81 बार तोड़े नियम… जुर्माना पहुंचा 11.89 लाख रुपये

गुरुग्राम में पकड़ी गई ‘चालान वाली बाइक’, 81 बार तोड़े नियम… जुर्माना पहुंचा 11.89 लाख रुपये

Gurugram news: हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने एक ऐसी बाइक जब्त की है, जिसने नियम तोड़ने के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए। हैरानी की बात यह है कि जिस बाइक की कीमत करीब एक लाख रुपये भी नहीं है, उस पर ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के चलते करीब 11 लाख 89 हजार रुपये का चालान बकाया निकला।

81 चालान देखकर पुलिस भी रह गई हैरान

गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस इन दिनों बिना नंबर प्लेट और बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है। इसी दौरान पुलिस ने एक बाइक को जांच के लिए रोका। जब वाहन का रिकॉर्ड चेक किया गया तो अधिकारियों के होश उड़ गए। बाइक पर कुल 81 चालान लंबित पाए गए। इनमें सबसे ज्यादा चालान बिना हेलमेट गाड़ी चलाने, पॉल्यूशन सर्टिफिकेट न होने, आरसी के बिना वाहन चलाने और रॉन्ग साइड ड्राइविंग जैसे नियमों के उल्लंघन के थे। पुलिस ने तुरंत बाइक को जब्त कर लिया।

Gurugram news: दो दिन में 1100 वाहन जब्त

गुरुग्राम पुलिस का अभियान सिर्फ इस एक बाइक तक सीमित नहीं है। पुलिस लगातार शहरभर में कार्रवाई कर रही है। बीते दो दिनों में बिना नंबर प्लेट और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले करीब 1100 वाहनों को जब्त किया गया है। शहर के प्रमुख चौराहों और कट्स पर पुलिस की टीमें तैनात हैं और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा रही है।

ट्रैफिक नियमों को लेकर पुलिस की सख्त चेतावनी

Gurugram news: गुरुग्राम पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, अपनी गाड़ियों पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगवाएं और जरूरी दस्तावेज हमेशा साथ रखें। पुलिस का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

 

 

ये भी पढ़े: तमिलनाडु में AIADMK में बगावत तेज, 3 विधायकों ने दिया इस्तीफा; TVK को बड़ा फायदा