Home » उत्तर प्रदेश » आम के बाग में पेड़ से लटका मिला मजदूर का शव, हापुड़ में फैली सनसनी

आम के बाग में पेड़ से लटका मिला मजदूर का शव, हापुड़ में फैली सनसनी

Hapur News

Hapur News: जनपद हापुड़ के बाबूगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत उपेड़ा गांव में आज गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब गांव के बाहर जंगल क्षेत्र में स्थित आम के बाग में एक मजदूर का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। मृतक की पहचान शाहपुर जट्ट निवासी धर्मपाल सिंह पुत्र लायक राम के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।

मजदूरी कर परिवार का करते थे पालन-पोषण

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह ग्रामीण जब खेतों की ओर गए तो आम के बाग में एक पेड़ से शव लटका देख उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सीओ हापुड़ वरुण मिश्रा, बाबूगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुनेश प्रताप और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पेड़ से उतरवाकर कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक धर्मपाल सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसके परिवार में चार बेटियां और दो बेटे हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Hapur News: परिजनों ने जताई आत्महत्या की आशंका

परिजनों ने इस मामले में आत्महत्या की आशंका को खारिज करते हुए हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि धर्मपाल की हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि उन्होंने पहले से ही किसी विवाद को लेकर पुलिस को तहरीर दी थी और ऑनलाइन शिकायत भी दर्ज कराई थी, लेकिन उस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। परिवार का कहना है कि यदि समय रहते उनकी शिकायत पर ध्यान दिया गया होता, तो शायद धर्मपाल की जान बचाई जा सकती थी। परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं इस मामले में पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा।

Report BY: Sunder Sharma

ये भी पढ़े… बरेली में दिनदहाड़े लूट की शर्मनाक वारदात, मां-बेटों से 2.5 लाख छीने, लाठियों से पीटा, भीड़ बनी तमाशबीन