Home » राजनीति » ‘इथेनॉल से इंजन खराब होगा, कीड़े लगेंगे’… पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने अफवाहों पर दिया करारा जवाब

‘इथेनॉल से इंजन खराब होगा, कीड़े लगेंगे’… पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने अफवाहों पर दिया करारा जवाब

Hardeep puri: केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने राजस्थान के जोधपुर में इथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर चल रही तमाम अफवाहों पर खुलकर जवाब दिया। उन्होंने कहा कि सरकार आलोचना से नहीं डरती और अगर लोगों को किसी योजना में कमी नजर आती है तो वे खुलकर सुझाव दें। सरकार उन सुझावों पर विचार करेगी और जहां जरूरत होगी, सुधार भी किए जाएंगे।

लोगों से मांगे सुझाव, कहा- कमियां बताइए

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि सोशल मीडिया पर बायोफ्यूल ब्लेंडिंग को लेकर कई तरह की बातें कही जा रही हैं। उन्होंने कहा, “अगर आपको लगता है कि हमारे काम में कोई कमी है तो हमें जरूर बताइए। हम आपकी बात सुनेंगे और अच्छे सुझावों को अपनी नीति में शामिल करेंगे।”

Hardeep puri: ‘इथेनॉल से इंजन खराब होगा’ जैसी बातों को बताया अफवाह

मंत्री ने कहा कि कुछ लोग यह अफवाह फैला रहे थे कि पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने से इंजन खराब हो जाएगा, फ्यूल पंप बंद हो जाएगा या पेट्रोल में कीड़े लग जाएंगे। उन्होंने कहा कि अब तक ऐसा एक भी मामला सामने नहीं आया है और भविष्य में भी ऐसी आशंका नहीं है।

Hardeep puri: इथेनॉल कोई नया प्रयोग नहीं

पुरी ने कहा कि इथेनॉल का इस्तेमाल दुनिया के कई देशों में लंबे समय से किया जा रहा है। भारत में यह नई पहल जरूर है, लेकिन इस तकनीक पर करीब एक सदी से रिसर्च और प्रयोग हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि हेनरी फोर्ड के दौर में भी बायोफ्यूल का इस्तेमाल किया जाता था। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि भारत में इथेनॉल ब्लेंडिंग की शुरुआत की योजना कांग्रेस सरकार के समय बनी थी। उस दौरान 5% ब्लेंडिंग का लक्ष्य रखा गया था, लेकिन देश केवल 1.4% तक ही पहुंच पाया।

रेसिंग कारों में भी होता है इथेनॉल का इस्तेमाल

हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि इथेनॉल सिर्फ आम वाहनों में ही नहीं, बल्कि रेसिंग कारों में भी इस्तेमाल होता है। इससे गाड़ी की पिकअप और एक्सेलरेशन बेहतर होता है। उन्होंने माना कि कुछ मामलों में माइलेज थोड़ा कम हो सकता है, लेकिन इसके पीछे कई अन्य कारण भी होते हैं।

इंश्योरेंस को लेकर भी किया साफ

मंत्री ने उन दावों को भी खारिज किया जिनमें कहा जा रहा था कि इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल इस्तेमाल करने पर वाहन का इंश्योरेंस मान्य नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि इंश्योरेंस कंपनियां पहले ही साफ कर चुकी हैं कि ऐसा कोई नियम नहीं है।

20% से आगे बढ़ने से पहले होंगे सभी टेस्ट

Hardeep puri: हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि फिलहाल देश में 20% इथेनॉल ब्लेंडिंग का लक्ष्य हासिल किया जा रहा है। अगर भविष्य में इसे 25% तक बढ़ाने का फैसला लिया जाता है, तो उससे पहले सभी तकनीकी और सुरक्षा परीक्षण पूरे किए जाएंगे।

 

 

ये भी पढ़े: लद्दाख में पर्यावरण बचाने के लिए बड़ी पहल, 100 पूर्व सैनिक संभालेंगे मोर्चा, मौके पर ही काट सकेंगे चालान