Home » राष्ट्रीय » भारत-म्यांमार बॉर्डर के पास आतंकी हमला, असम राइफल्स का जवान शहीद

भारत-म्यांमार बॉर्डर के पास आतंकी हमला, असम राइफल्स का जवान शहीद

 India-Myanmar Border Attack:

India-Myanmar Border Attack: अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में भारत-म्यांमार सीमा के पास मंगलवार सुबह सुरक्षा बलों पर अचानक हमला किया गया। इस हमले में असम राइफल्स के एक जवान की मौत हो गई, जबकि चार जवान घायल हुए हैं। घटना के समय सुरक्षा बल संवेदनशील इलाके में गश्त के साथ सीमा पर बाड़ लगाने का काम कर रहे थे।

India-Myanmar Border Attack: गश्त के दौरान अचानक हुई फायरिंग-

जानकारी के मुताबिक, भारत-म्यांमार सीमा के पास सुरक्षा बलों की टीम गश्त कर रही थी। इसी दौरान कुछ उग्रवादियों ने अचानक जवानों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में 42 वर्षीय हवलदार जानखोकाई कुकी गंभीर रूप से घायल हुए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हमले में घायल हुए चार अन्य जवानों को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया गया कि घटना के दौरान इलाके में असम राइफल्स के 21 जवान मौजूद थे।

India-Myanmar Border Attack: हमले के बाद सर्च ऑपरेशन तेज-

घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया। जवान आसपास के क्षेत्र में बारीकी से तलाशी ले रहे हैं। साथ ही हमलावरों की संख्या, उनकी स्थिति और फायरिंग के बाद उनके भागने की दिशा का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

NSCN (K-YA) पर हमले का शक-

शुरुआती रिपोर्टों में हमले के पीछे NSCN (K-YA) से जुड़े उग्रवादियों का हाथ होने की बात सामने आई है। हालांकि, हमलावरों की पहचान को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल असम राइफल्स के आधिकारिक बयान का इंतजार है।

पुलिस ने शुरू की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया-

चांगलांग के SP किर्ली पाडु ने घटना की जानकारी मिलने की पुष्टि की है। उन्होंने चांगलांग पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी को घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी जुटाने के निर्देश दिए हैं। SP ने बताया कि भारत-म्यांमार सीमा पर हुई घटना के बारे में जानकारी मिली है और पुलिस स्टेशन के OC से इससे संबंधित जानकारी इकट्ठा करने को कहा गया है।

यह भी पढ़े- काउंसलिंग सेंटर से हॉस्टल की छठी मंजिल तक… IIT कैंपस में आखिर कहां टूट रहा सिस्टम? 5 साल में 75 मौतें