IndiGo Flight 6E6068: कोलकाता में शुक्रवार को खराब मौसम के दौरान एक बड़ा विमानन हादसा टल गया। आंधी-तूफान और भारी बारिश के बीच नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खड़े इंडिगो के एक विमान पर बिजली गिर गई। विमान में कुल 147 लोग सवार थे, जिनमें 141 यात्री और 6 क्रू सदस्य शामिल थे। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।
IndiGo Flight 6E6068: अगरतला जा रही थी फ्लाइट 6E6068-
भारतीय विमानन प्राधिकरण के एक अधिकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट 6E6068 (VT-IPW) कोलकाता से अगरतला जाने वाली थी। यह विमान एयरपोर्ट के एयरोब्रिज 56L पर खड़ा था, तभी उस पर बिजली गिर गई। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद एयरपोर्ट ऑपरेशन्स कंट्रोल सेंटर (AOCC) ने पहले ही खराब मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया हुआ था।
IndiGo Flight 6E6068: एहतियात के तौर पर सभी यात्रियों को उतारा गया-
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान में सवार सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। बाद में उन्हें इंडिगो के दूसरे विमान VT-ICD में बैठाकर अगरतला के लिए रवाना किया गया।
रनवे पर काम कर रहे दो कर्मचारी घायल-
इंडिगो की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, बिजली गिरने की घटना में रनवे पर कार्यरत दो कर्मचारियों को मामूली चोटें आई हैं। दोनों को प्राथमिक चिकित्सा और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
कोलकाता में मौसम का कहर जारी-
शुक्रवार सुबह से ही कोलकाता और आसपास के कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की घटनाएं दर्ज की गई हैं। खराब मौसम के कारण कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई है, जबकि यातायात भी प्रभावित हुआ है। प्रशासन ने लोगों से आवश्यक होने पर ही घरों से बाहर निकलने की अपील की है।
यह भी पढ़े- G7 Summit के बाद ट्रंप और जॉर्जिया मेलोनी में जुबानी जंग, फोटो को लेकर दिए बयान पर बढ़ा विवाद








