IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 अपने आधे पड़ाव के करीब पहुंच चुका है, और जहां कुछ टीमों के कप्तान शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं, वहीं कई कप्तानों की खराब फॉर्म उनकी टीमों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।
इन कप्तानों ने बढ़ाई टीम की मुश्किलें
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग का बल्ला इस सीजन खामोश रहा है। 6 मैचों में सिर्फ 61 रन बना सके हैं, जबकि गेंदबाजी में भी खास असर नहीं दिखा पाए। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल भी उम्मीदों पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने 6 मैचों में केवल 31 रन बनाए और गेंदबाजी में 6 विकेट जरूर लिए, लेकिन ऑलराउंड प्रदर्शन कमजोर रहा। मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या का प्रदर्शन भी निराशाजनक रहा है। 5 मैचों में 96 रन और सिर्फ 3 विकेट लेकर वह टीम को मजबूती नहीं दे पाए।
चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ 6 पारियों में महज 82 रन ही बना सके हैं, जिससे टीम को अच्छी शुरुआत नहीं मिल पा रही। लखनऊ सुपर जाइंट्स के कप्तान ऋषभ पंत ने एक पारी को छोड़कर बाकी मैचों में निराश किया है। 6 मैचों में 147 रन उनके नाम हैं। कोलकाता नाइट राइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे भी लगातार असफल रहे हैं। 7 मैचों में 152 रन बनाए, जिसमें दो बार शून्य पर आउट होना शामिल है।
IPL 2026: अंकतालिका पर दिखा असर
इन कप्तानों की खराब फॉर्म का असर टीमों की स्थिति पर साफ दिख रहा है। मुंबई, चेन्नई, लखनऊ और कोलकाता जैसी टीमें अंकतालिका में निचले पायदान पर संघर्ष कर रही हैं।
इन कप्तानों ने दिखाई दमदार फॉर्म दूसरी ओर, शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं और 5 मैचों में 265 रन बना चुके हैं। सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तान ईशान किशन ने 7 मैचों में 238 रन बनाए हैं। पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर (208 रन) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार (230 रन) भी शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
आईपीएल जैसे टूर्नामेंट में कप्तान की फॉर्म टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाती है। ऐसे में जिन टीमों के कप्तान लगातार फ्लॉप हो रहे हैं, उनके लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल होती जा रही है। वहीं, फॉर्म में चल रहे कप्तान अपनी टीमों को मजबूत स्थिति में बनाए हुए हैं।
ये भी पढ़े… भारतीय चुनावी सिस्टम पर दुनिया की नजर! अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने किया दौरा








