Home » देश-विदेश » Iran Israel Conflict: होर्मुज में तेल टैंकर में आग, 24 भारतीय नाविकों को इंडियन नेवी ने बचाया

Iran Israel Conflict: होर्मुज में तेल टैंकर में आग, 24 भारतीय नाविकों को इंडियन नेवी ने बचाया

Iran Israel Conflict:

Iran Israel Conflict: होर्मुज स्ट्रेट के पास एक तेल टैंकर में आग लगने की घटना के बाद भारतीय नौसेना ने बड़ी राहत कार्रवाई करते हुए जहाज पर सवार 24 भारतीय नाविकों को सुरक्षित बचा लिया। शुरुआती रिपोर्टों में जहाज पर हमले की आशंका जताई गई है, हालांकि अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इधर, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने फिलहाल इजराइल के खिलाफ अपनी सैन्य कार्रवाई रोकने की घोषणा की है। हालांकि तेहरान ने चेतावनी दी है कि यदि इजराइल ने लेबनान या अन्य क्षेत्रों में दोबारा हमला किया तो उसे पहले से अधिक कड़ा जवाब दिया जाएगा।

अमेरिका युद्धविराम की कोशिशों में जुटा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया है कि इजराइल और ईरान दोनों ही संघर्ष समाप्त करना चाहते हैं और शांति समझौते को लेकर बातचीत आगे बढ़ रही है। ट्रम्प ने कहा कि अंतिम समझौता होने तक ईरान पर लगी आर्थिक और सैन्य नाकाबंदी जारी रहेगी।

Iran Israel Conflict: भारतीयों को ईरान छोड़ने की सलाह

क्षेत्र में बिगड़ते हालात को देखते हुए भारत सरकार ने ईरान में मौजूद भारतीय नागरिकों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर जाने और आवश्यक होने पर देश छोड़ने की सलाह दी है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है और भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Iran Israel Conflict: पिछले 24 घंटे के प्रमुख घटनाक्रम

ईरान ने इजराइल पर फिर दागीं मिसाइलें

अप्रैल में हुए युद्धविराम के बाद पहली बार ईरान ने इजराइल की ओर मिसाइलें दागीं। इसके जवाब में इजराइल ने पश्चिमी और मध्य ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए। तेहरान, तबरीज और इस्फहान में धमाकों की खबरें सामने आई हैं।

तीन देशों ने एयरस्पेस बंद किया

तनाव बढ़ने के बाद ईरान ने अपने पश्चिमी क्षेत्र का हवाई क्षेत्र अगली सूचना तक बंद कर दिया है। इराक ने 72 घंटे और सीरिया ने 12 घंटे के लिए अपना एयरस्पेस बंद करने का फैसला लिया है।

अमेरिका ने दो और ड्रोन मार गिराए

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने दावा किया है कि होर्मुज स्ट्रेट में अंतरराष्ट्रीय जहाजों के लिए खतरा बने दो ईरानी ड्रोन को मार गिराया गया है।

ईरान-अमेरिका वार्ता में गतिरोध

ईरान ने आरोप लगाया है कि अमेरिका के लगातार बदलते रुख के कारण बातचीत आगे नहीं बढ़ पा रही है। तेहरान ने यूरेनियम संवर्धन के अधिकार और विदेशों में फ्रीज की गई अरबों डॉलर की संपत्तियों को जारी करने की मांग दोहराई है।

ईरानी फुटबॉल टीम पर वीजा प्रतिबंध

अमेरिकी वीजा नियमों के कारण ईरान की फुटबॉल टीम को केवल मैच खेलने के लिए अमेरिका में प्रवेश की अनुमति मिलेगी। टीम ने अपना ट्रेनिंग बेस अमेरिका की बजाय मेक्सिको में बनाया है।

ट्रम्प के कहने पर इजराइल ने रोके हमले: रिपोर्ट

इजराइली मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के अनुरोध पर इजराइल ने फिलहाल ईरान पर अपने हमले रोक दिए हैं। हालांकि इजराइल ने हिजबुल्लाह को चेतावनी दी है कि यदि हमले जारी रहे तो बेरूत के दक्षिणी इलाकों पर फिर कार्रवाई की जा सकती है।

पाकिस्तान ने दोनों देशों से संयम बरतने की अपील की

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने इजराइल और ईरान से संयम बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सभी पक्षों को सैन्य कार्रवाई से बचना चाहिए।

ईरान का दावा- बड़ा हमला टाला

ईरान ने दावा किया है कि उसके सुरक्षा बलों ने दक्षिण-पूर्वी प्रांत सीस्तान-बलूचिस्तान में एक बड़ी कार्रवाई के दौरान 5 संदिग्धों को मार गिराया और 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों का कहना है कि ये लोग बड़े हमले की तैयारी कर रहे थे।

यह भी पढे़ : इतिहास के पन्नों में दर्ज हुई जीत! अफगानिस्तान पर भारत का कहर, सुथार ने मचाया धमाल