Khan Sir: चर्चित शिक्षक फैसल खान उर्फ खान सर की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। पटना के कदमकुआं थाने में उनके खिलाफ हत्या की कोशिश और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई उनके बॉडीगार्ड्स के बयान के आधार पर की है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए बॉडीगार्ड्स ने पूछताछ में दावा किया कि फायरिंग से पहले उन्हें कहा गया था, “तुम गोली चलाओ, बाकी हम देख लेंगे।” इसी बयान के आधार पर खान सर को मामले में नामजद किया गया है।
BNS की धारा 109 के तहत दर्ज हुआ मामला
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 के तहत केस दर्ज किया है। इस धारा में दोषी पाए जाने पर 10 वर्ष तक की सजा और जुर्माने का प्रावधान है। कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार इस मामले में अग्रिम जमानत मिलना भी आसान नहीं माना जाता।
Khan Sir: IG कार्यालय में हाई लेवल बैठक
मामले की गंभीरता को देखते हुए पटना में कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों की उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। पुलिस ने छात्रों से अपील की है कि वे किसी भी कोचिंग संस्थान या अफवाह के प्रभाव में न आएं और शांति बनाए रखें।
Khan Sir: कोचिंग सेंटर के बाहर जुटे छात्र
FIR दर्ज होने के बाद सैकड़ों छात्र खान सर के समर्थन में उनकी कोचिंग के बाहर पहुंच गए और नारेबाजी की। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। सुरक्षा कारणों से छात्रों को कोचिंग परिसर से बाहर निकाला गया।
2 जून को हुआ था हमला
गौरतलब है कि 2 जून की रात पटना स्थित खान सर की कोचिंग पर हमला हुआ था। इस दौरान उनके बॉडीगार्ड्स द्वारा फायरिंग किए जाने का वीडियो भी सामने आया था। पुलिस दोनों बॉडीगार्ड्स को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है और खान सर से भी पूछताछ की जा चुकी है।
पुलिस पर बदला रुख
घटना के बाद शुरुआती बयान में खान सर ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की थी, लेकिन अब उन्होंने कहा है कि पुलिस घटनास्थल पर देर से पहुंची। उन्होंने फायरिंग को आत्मरक्षा का कदम बताते हुए कहा कि गार्ड्स का काम लोगों की सुरक्षा करना होता है और उन्होंने किसी व्यक्ति को निशाना बनाकर गोली नहीं चलाई।
छात्रों से की फीस को लेकर अपील
इस बीच खान सर का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वे छात्रों को घटना की जानकारी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो में उन्होंने दावा किया कि उनके गार्ड के साथ मारपीट हुई और मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि उनकी कोचिंग बंद हो गई तो अन्य संस्थानों की फीस में भारी बढ़ोतरी हो सकती है। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य शिक्षा देना है, न कि केवल पैसा कमाना।
यह भी पढे़ : पुतिन का भारत को बड़ा ऑफर: SU-57 स्टेल्थ फाइटर जेट के संयुक्त उत्पादन को तैयार रूस








