Kriti Sanon: ज्वेलरी ब्रांड GIVA ने बुधवार को अभिनेत्री कृति सेनन के रक्षाबंधन से जुड़े उस विज्ञापन को हटा दिया, जिस पर सोशल मीडिया पर काफी आपत्ति जताई गई थी। विज्ञापन में कृति ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज, केप और ड्रेप्ड स्कर्ट पहने नजर आई थीं। विज्ञापन में वह एक कुत्ते को भी राखी बांधती दिखाई दी थीं।कृति के इस पहनावे और विज्ञापन की थीम को लेकर कई लोगों ने सवाल उठाए। विवाद बढ़ने के बाद GIVA ने विज्ञापन को हटाने का फैसला किया। ब्रांड ने कहा कि यह कदम भारतीय संस्कृति और परंपराओं के सम्मान को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। कंपनी ने साफ किया कि किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना उसका उद्देश्य नहीं था।इस पूरे विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कृति सेनन का समर्थन भी किया था।
Kriti Sanon: GIVA ने दी सफाई
GIVA ने अपने बयान में कहा कि एक ब्रांड के तौर पर उसका हमेशा यह मानना रहा है कि खुशी के खास पलों को पूरे परिवार के साथ मनाया जाना चाहिए। कंपनी के मुताबिक, इस बार विज्ञापन के जरिए पालतू जानवरों के साथ प्यार और खुशियां साझा करने का संदेश देने की कोशिश की गई थी।ब्रांड ने कहा, “भावनाएं आहत करना हमारा इरादा नहीं था।”GIVA ने आगे कहा कि अगर उसके हालिया विज्ञापन से समाज के किसी हिस्से की भावनाओं को अनजाने में ठेस पहुंची है, तो ऐसा करना उसकी मंशा नहीं थी। सम्मान के तौर पर कंपनी ने संबंधित विज्ञापन को सभी मीडिया प्लेटफॉर्म से हटा लिया है।ब्रांड ने रक्षाबंधन के मौके पर लोगों को प्यार, खुशी और सकारात्मकता की शुभकामनाएं भी दीं।
राहुल गांधी ने किया कृति का समर्थन
विवाद के दौरान राहुल गांधी ने कृति सेनन की एक पोस्ट अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा की थी। इसके साथ उन्होंने महिलाओं के पहनावे और उनकी जीवनशैली को लेकर ऑनलाइन निगरानी या ‘पुलिसिंग’ किए जाने पर सवाल उठाया।राहुल गांधी ने कहा था कि महिलाओं के कपड़ों और उनकी जीवनशैली की ऑनलाइन पहरेदारी नहीं की जानी चाहिए।
Kriti Sanon: कंगना रनौत ने उठाए सवाल
वहीं, अभिनेत्री से सांसद बनीं कंगना रनौत ने इस विज्ञापन की आलोचना की थी। उन्होंने कृति के पहनावे पर सवाल उठाते हुए कहा था कि कोई अपने भाई को बिकिनी या अंडरगारमेंट्स में राखी क्यों बांधेगा।कंगना ने यह भी कहा था कि फैशन और स्टाइल के लिए इतने विकल्प मौजूद होने के बावजूद ऐसा पहनावा क्यों चुना गया। उनके मुताबिक, यह विज्ञापन जानबूझकर अजीब तरीके से तैयार किया गया लगता है।

कृति ने बताया था विज्ञापन के पीछे का विचार
कृति सेनन ने रक्षाबंधन के संदर्भ में बात करते हुए इस त्योहार को सुरक्षा और प्यार के रिश्ते का प्रतीक बताया था। उन्होंने बताया था कि वह और उनकी बहन नूपुर सेनन एक-दूसरे को राखी बांधती हैं।कृति के अनुसार, दोनों बहनें एक-दूसरे की सुरक्षा उसी तरह करती हैं, जैसे एक भाई अपनी बहन की करता है। इसलिए उनके लिए राखी का रिश्ता केवल भाई-बहन तक सीमित नहीं है।कृति ने यह भी बताया था कि उनके पेट डॉग्स भी उनके परिवार का हिस्सा हैं। इसी वजह से उनके लिए अपने पालतू कुत्तों के साथ भी वही प्यार और जुड़ाव है और वह उन्हें भी राखी बांधती हैं।
यह भी पढ़े- कार पर 3400 किस, कूड़े में चॉकलेट की लूट और DJ का अनोखा रिकॉर्ड, दुनिया की हैरान करने वाली खबरें







