Lucknow Bulldozer Action: लखनऊ जिला कोर्ट के आसपास बने अवैध कब्जों को हटाने के लिए नगर निगम ने रविवार को बड़ा अभियान चलाया। इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश के बाद निगम की टीम ने कोर्ट परिसर के बाहर बने अवैध चैंबरों और दुकानों पर कार्रवाई शुरू की। इस दौरान कई जगहों पर बुलडोजर चलाया गया और 100 से ज्यादा वकीलों के चैंबर हटाए गए। प्रशासन का लक्ष्य करीब 240 अवैध कब्जों को हटाने का है।
मौके पर तैनात रहा भारी पुलिस बल
कार्रवाई के दौरान नगर निगम के अधिकारी लगातार मौके पर मौजूद रहे और पूरे अभियान पर नजर बनाए रखी। किसी भी तरह की गड़बड़ी या तनाव की स्थिति से बचने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को भी तैनात किया गया था। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पूरे इलाके की निगरानी की।

Lucknow Bulldozer Action: वकीलों ने जताया विरोध
नगर निगम की इस कार्रवाई का कई वकीलों ने विरोध किया। बड़ी संख्या में वकील मौके पर पहुंचे और बुलडोजर एक्शन को लेकर नाराजगी जाहिर की। उनका कहना है कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के चैंबर हटाए जाने से उनके कामकाज पर सीधा असर पड़ेगा और उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।
लंबे समय से मिल रही थीं शिकायतें
अधिकारियों के अनुसार, कोर्ट परिसर के आसपास लंबे समय से अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं। इन कब्जों की वजह से इलाके में आवाजाही में दिक्कत हो रही थी और सुरक्षा व्यवस्था भी प्रभावित हो रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए हाईकोर्ट के आदेश पर यह अभियान शुरू किया गया।
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। जब तक चिन्हित किए गए सभी अवैध कब्जों को पूरी तरह हटाया नहीं जाता, तब तक नगर निगम का अभियान चलता रहेगा।
ये भी पढ़ें…11वीं शताब्दी की ऐतिहासिक धरोहर भारत लौटी, नीदरलैंड ने लौटाए चोल साम्राज्य के दुर्लभ ताम्रपत्र








